वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को घेरकर बना रहे थे दबाव, तीन टैक्सी चालक गिरफ्तार, 40 चार पहिया वाहनों का चालान
एक दिन पहले चार चालकों की गिरफ्तारी और वाहनों के चालान के बाद भी हरकत से बाज नही आये टैक्सी चालक
विमान यात्रियों से करते हैं अभद्र व्यवहार, शिकायत के बाद पुलिस ने दिखाई सख्ती
वाराणसी, भदैनी मिरर। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास़्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को घेरकर जबरन सवारी के लिए दबाव बनाने और अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई हुई। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल के निर्देशन में फूलपुर पुलिस ने सोमवार को 04 चालकों को गिरफ्तार किया था और 02 वाहनों को जब्त कर लिया। इसके बावजूद कुछ चालक अपनी हरकत से बाज नही आ रहे थे। ऐसे में तीन चालकों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 40 चार पहिया वाहनों का चालान करने के साथ ही एक वाहन सीज कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से एयरपोर्ट परिसर में 04 पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगाई गई है। इनको यात्रियों से दुर्व्यवहार करनेवाले चालकों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। सोमवार को चालकों के बावजूद इनमें सुधार नही हुआ। मंगलवार को पुलिस टीम ने एयरपोर्ट परिसर में पुनः चेकिंग की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों को घेरकर सवारी के लिए दबाव बनाने वाले 03 चालकों को गिरफ्तार किया गया।
साथ ही 40 चार पहिया वाहनों का चालान किया गया और 01 वाहन को सीज किया गया। इसके साथ ही सभी टैक्सी/ऑटो चालकों को एक बार फिर सख्त हिदायत दी गई है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही अपने वाहन खड़े करें। किसी भी यात्री को घेरकर सवारी के लिए दबाव न बनाएं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।