वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा, चोलापुर पुलिस की उदासीनता से लोगों में रोष
नवीन मौर्य (42) की मौत के बाद भी नहीं टूटी नींद, ढेरही टोल के पास आज भी सड़क पर खड़े हैं ट्रक
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ढेरही टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे भारी वाहनों के बेतरतीब खड़े होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल शाम सड़क पर खड़े ट्रक से टकराकर नवीन मौर्य (42) की मौत हो गई, इसके बाद भी स्थानीय पुलिस और प्रशासन की नींद नहीं टूटी है। आज भी टोल प्लाजा के समीप मुख्य सड़क पर ट्रकों की लंबी कतारें खड़ी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों पर हर वक्त बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
हादसे के बाद भी नहीं लिया सबक
स्थानीय लोगों के अनुसार, ढेरही टोल के आसपास ट्रक चालकों द्वारा मुख्य मार्ग पर ही वाहन खड़ा कर दिए जाने से सड़क संकरी हो जाती है। कल शाम भी सड़क पर खड़े वाहनों की वजह से नवीन मौर्य की जान चली गई। उम्मीद थी कि इस घटना के बाद प्रशासन सख्ती बरतेगा और सड़क से अतिक्रमण हटवाएगा, लेकिन आज सुबह से ही हालात जस के तस बने हुए हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
व्यस्ततम हाईवे पर इस तरह ट्रकों का खड़ा रहना यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा है। रात के अंधेरे और सुबह के समय तेज रफ्तार वाहनों को दूर से खड़े ट्रक दिखाई नहीं देते, जो दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण बनते हैं। क्षेत्रवासियों में चोलापुर पुलिस की इस उदासीनता को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि क्या पुलिस प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
स्थानीय नागरिकों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ढेरही टोल के पास सड़क पर खड़े होने वाले ट्रकों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित हो सके।