वाराणसी के विनायक प्लाजा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, शरीर पर ब्लेड के निशान और डायरी में लिखा 'Sorry'
सिगरा इलाके के विनायक प्लाजा की घटना; डीसीपी काशी ने जताई सुसाइड की आशंका, मृतक के दक्षिण भारतीय होने का अनुमान
वाराणसी, भदैनी मिरर। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित चर्चित व्यापारिक परिसर 'विनायक प्लाजा' में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब परिसर के दूसरे फ्लोर पर एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी काशी गौरव वंशवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पहचान और सुसाइड नोट
डीसीपी काशी गौरव वंशवाल ने बताया कि मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पहचान पत्र बरामद हुआ है, जिससे उसकी पहचान भरत खन्ना के रूप में हुई है। मृतक के पास से एक डायरी भी मिली है, जिसमें 'Sorry' लिखा हुआ है। पुलिस का मानना है कि यह एक सुसाइड नोट हो सकता है। डायरी में कुछ मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं, जिनके जरिए पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर पुराने और कुछ ताजे कट के निशान मिले हैं, जो संभवतः ब्लेड से किए गए हैं। शरीर पर इन निशानों को देखकर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक ने खुद को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की थी।
दक्षिण भारतीय होने की संभावना
मृतक के पास जो पहचान पत्र मिला है, उसमें विवरण तमिल भाषा में लिखा गया है। हुलिए और पहचान पत्र के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि मृतक दक्षिण भारत का रहने वाला था।
घटना के बाद पुलिस अब विनायक प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि युवक प्लाजा में कब दाखिल हुआ और उसके साथ कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
डीसीपी काशी गौरव वंशवाल ने कहा, "हम सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।"