मिर्जामुराद में रेलवे ट्रैक के पास मिला सिर कटा युवक का शव सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
आस पास के गांवों में पुलिस कर रही पूछताछ अभी तक मृतक नहीं हो सकी शिनाख्त
Mar 15, 2026, 13:24 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बहेड़वा गांव स्थित रेलवे लाइन के समीप शनिवार की रात एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ की, अभी तक नहीं हो पाई है शिनाख्त।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 11 बजे पुलिस सूचना मिली कि बहेड़वा हाल्ट रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूर राजातालाब की ओर रेलवे पटरी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक की गर्दन के ऊपर का हिस्सा धड़ से अलग था और बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। शव की हालत देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताया जा रही है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को यहां लाकर फेंका गया है।
मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर काली किट में सुरक्षित रखा और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया।
साथ ही आसपास के थानों में गुमशुदगी के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी हुई है।