अस्सी घाट से किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव
चंदौली की किशोरी अपने भाई के साथ आई थी घाट पर, दुष्कर्म के बाद बनाया वीडियो
भीड़भाड़ वाले अस्सी घाट से अपहरण की कहानी पर पुलिस को संदेह, आरोपित की तलाश जारी
वाराणसी, भदैनी मिरर। भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट से किशोरी को अगवा कर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित नवी रसूल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बताते हैं कि चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 7 मार्च को बेटी अपने भाई के साथ अस्सी घाट गई थी। इस बीच उनका बेटा कुछ सामान लेने गया। जब वह लौटा तो बेटी गायब थी। काफी खोजबीन के बाद चाइल्ड लाइन और पुलिस को सूचना दी गई। इसी दौरान एक अनजान नंबर से उनके मोबाइल पर कॉल आया कि तुम्हारी बेटी हमारे कब्जे में है। धर्म परिवर्तन कर जबरन शादी करूंगा। इसके बाद आठ मार्च की सुबह गांव के पास बेहोशी की हालत में आरोपित उनकी बेटी को छोड़कर भाग निकला।
बाद में बेटी ने बताया कि बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वीडियो और फोटो भी ली गई। जांच में पता चला कि आरोपित की दानिश नाम से इंस्टाग्राम आईडी है और उसका नाम नवी रसूल है। लेकिन इसके साथ ही कई सवाल भी खड़े हो गये। अस्सी घाट पर हमेशा भीड़ रहती है और वहां से उसे कैसे अगवा कर लिया गया? यदि अगवा भी किया गया तो उसने शोर क्यों नही मचाया? आशंका जताई जा रही है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों के जरिए किशोरी का आरोपित से पहले से परिचय था। वर्ना अत्यधिक भीड़भाड़ वाले अस्सी घाट से किसी इस तरह से अपहरण सम्भव नही दिखाई देता। पुलिस इन सवालों की भी गुत्थी सुलझा रही है।