{"vars":{"id": "125128:4947"}}

शिवपुर में गणित के अध्यापक ने फांसी लगाकर दे दी जान, घर में अकेले रहते थे सुरेश तिवारी

गिलट बाजार स्थित आवास से कुछ दूरी पर ही रहते हैं पिता और भाई, पत्नी अपनी बेटी को लेकर रहती है अलग

 

दो दिन से कोई सम्पर्क न होने पर पिता ने छोटे बेटे को भेजा तो हुई घटना की जानकारी

वाराणसी, भदैनी मिरर। शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार मोहल्ले में गणित के अध्यापक 40 वर्षीय सुरेश तिवारी ने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिवारवालों को दो दिन से उनसे कोई सम्पर्क नही हो रहा था। शुक्रवार की रात जब छोटे भाई उन्हें तलाशते पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये। परिवारवालों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

सुरेश तिवारी महादेव डिग्री कॉलेज बरियासनपुर में गणित के अध्यापक थे। बताते हैं कि उनकी पत्नी सरोज अपनी सात साल की बेटी को लेकर पति से अलग रहती हैं। इस मकान में सुरेश तिवारी अकेले ही रहते थे। इससे कुछ ही दूरी पर पिता ओमप्रकाश तिवारी और छोटा भाई संतोष तिवारी का परिवार रहता है। पिछले दो दिन से बेटे सुरेश से कोई बात नही हुई और मोबाइल फोन भी बंद था। ऐसे में पिता को चिंता हुई और उन्होंने छोटे बेटे संतोष तिवारी से कहा कि जरा देख आओ। भाई संतोष जब घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खटखटाने और कई बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नही हुई। तब संतोष को संदेह हो गया।

खिड़की के झरोखे से देखा तो पंखे की कुंडी से फांसी के फंदे के सहारे सुरेश तिवारी की लाश लटक रही थी। भाई के जीवित होने की उम्मीद में संतोष ने खिड़की का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर पहुंचे। देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के अलावा आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस पहुंची। कमरे से दुर्गंध उठ रहा था। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना का कारण क्या है यह तो स्पष्ट नही हुआ। लेकिन पत्नी और बेटी के अलग रहने के कारण यह कयास लगाया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद जैसी स्थिति रही। तनाव के चलते सुरेश तिवारी ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।