BHU ट्रामा सेंटर में मरीज की मौत पर छात्रों ने घेरा कुलपति कार्यालय, प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह को हटाने की मांग
प्रशासनिक लापरवाही का आरोप, छात्र नेताओं ने कहा- 'जब तक कार्रवाई नहीं, तब तक आंदोलन जारी'
वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के ट्रामा सेंटर में प्रशासनिक लापरवाही के चलते एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने छात्र नेता डॉ. मृत्युंजय तिवारी के नेतृत्व में केंद्रीय कार्यालय (कुलपति आवास) पर जोरदार प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
क्या है पूरा मामला? छात्रों का आरोप है कि बलिया की रहने वाली 71 वर्षीय श्रीमती राधिका देवी की मृत्यु ट्रामा सेंटर के लचर सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रशासनिक विफलता के कारण हुई। ज्ञापन में कहा गया कि मरीज की पहचान सुनिश्चित करने में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण पहले 7 मार्च को आर्थो और फिर 18 मार्च को न्यूरो सर्जरी हुई। अंततः 27 मार्च को मरीज ने दम तोड़ दिया। छात्रों ने इसे केवल मानवीय भूल न मानकर एक 'संस्थागत विफलता' करार दिया है।
प्रो. सौरभ सिंह पर छात्रों का निशाना: प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने ट्रामा सेंटर के प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र नेता अभय सिंह 'मिक्कू' और सुजीत पासवान ने आरोप लगाया कि पूर्व में संचालित 'प्री-ऑपरेटिव रूम' (जहाँ सर्जरी से पहले मरीज का सत्यापन होता था) की व्यवस्था को प्रो. सिंह ने बंद कर दिया, जिससे ऐसी गंभीर त्रुटियां हो रही हैं। छात्रों ने नैतिकता के आधार पर उनके इस्तीफे और बर्खास्तगी की मांग की है।
न्याय के लिए लामबंद हुए छात्र: छात्र नेता हिमांशु राय, प्रफुल पांडेय और हर्ष तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब जिम्मेदार अधिकारी को पद से हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, तो वे इस मामले को शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री तक ले जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन का आश्वासन: कुलपति की अनुपस्थिति में केंद्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने छात्रों का ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि मांगों को जल्द ही कुलपति के समक्ष रखा जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख चेहरे: इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से हिमांशु राय, प्रफुल पांडेय, अभय सिंह (मिक्कू), हर्ष तिवारी, रजत सिंह, सुजीत पासवान, विशाल पासवान, अंकित पूर्वे, दीपक सिंह, अविनाश सिंह (चंदू), कृष्ण यादव, शिवम राय, आदित्य सिंह तोमर समेत सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।