BHU में थम नहीं रहा छात्रों का आक्रोश: चीफ प्रॉक्टर की निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा
विरोध प्रदर्शन के आठवें दिन प्रतीकात्मक शव पर चूड़ियां तोड़कर जताया विरोध; मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का ऐलान
वाराणसी / भदैनी मिरर: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखियाल के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का आंदोलन और उग्र होता जा रहा है। बुधवार को विरोध प्रदर्शन के आठवें दिन छात्रों ने परिसर में चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया और उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग दोहराई।
प्रतीकात्मक शव पर चूड़ियां तोड़कर जताया रोष
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि छात्रों की जायज मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का रवैया लगातार उपेक्षापूर्ण बना हुआ है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
इसी उदासीनता से आक्रोशित होकर छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर का प्रतीकात्मक शव तैयार किया और बीएचयू परिसर में शव यात्रा निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रतीकात्मक शव पर चूड़ियां तोड़कर विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपना तीखा विरोध और नाराजगी जाहिर की।
अनिश्चितकालीन धरना रहेगा जारी
प्रदर्शन के दौरान परिसर में छात्रों की भारी मौजूदगी और लगातार हो रही नारेबाजी से माहौल गरमाया रहा। आंदोलनकारी छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगों पर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए ठोस कार्रवाई और चीफ प्रॉक्टर की बर्खास्तगी का निर्णय नहीं लेता, तब तक उनका शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी रहेगा।