वाराणसी नगर निगम में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली पर कड़ा एक्शन: नगर आयुक्त ने जारी किया विशेष हेल्पलाइन नंबर, सीधे करें शिकायत
अवैध रूप से पैसे मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, शिकायत करने वाले की पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गुप्त।
भदैनी मिरर डेस्क, वाराणसी: वाराणसी नगर निगम प्रशासन ने भ्रष्टाचार, घूसखोरी और अवैध धन वसूली के खिलाफ बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। निगम से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता लाने और जनता को दलालों व भ्रष्ट कर्मियों से मुक्ति दिलाने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने एक बड़ी पहल की है। नगर निगम की ओर से एक विशेष लैंडलाइन हेल्पलाइन नंबर 0542-2282834 जारी किया गया है, जिस पर आम जनता भ्रष्टाचार से जुड़ी अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकती है।
पहचान रहेगी गुप्त, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, यदि नगर निगम से संबंधित किसी भी काम के एवज में कोई अधिकारी, कर्मचारी या कोई बाहरी व्यक्ति (दलाल) नाजायज पैसों या अनधिकृत शुल्क की मांग करता है, तो नागरिक तुरंत इसकी शिकायत इस हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालयों में चस्पा होंगे नोटिस, होर्डिंग्स से होगा प्रचार
इस मुहिम को जन-जन तक पहुँचाने के लिए नगर आयुक्त ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। इस सार्वजनिक सूचना को नगर निगम के सभी मुख्य कार्यालयों, जोनल कार्यालयों और जलकल विभाग के नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से चस्पा करने को कहा गया है। इसके साथ ही, शहर के प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग्स और विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए इस हेल्पलाइन नंबर का व्यापक व निःशुल्क प्रचार-प्रसार करने का आदेश दिया गया है ताकि कोई भी आम नागरिक ठगी का शिकार न हो।
नगर आयुक्त ने सभी काशीवासियों से अपील की है कि वे इस भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी स्तर पर होने वाली अवैध वसूली के खिलाफ बिना डरे खुलकर सामने आएं।