{"vars":{"id": "125128:4947"}}

STF वाराणसी की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार का इनामी पशु तस्कर ओमप्रकाश पांडेय महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार

नाम बदलकर धारावी में छिपा था गैंगस्टर, चंदौली पुलिस को सौंपा गया; कोर्ट के आदेश पर भेजा गया जेल

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। एसटीएफ (STF) वाराणसी इकाई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चंदौली जिले के शातिर और 50 हजार रुपये के इनामी पशु तस्कर ओमप्रकाश पांडेय को महाराष्ट्र के ठाणे से धर दबोचा है। आरोपी चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर मुनारी चोरण का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चंदौली पहुंची, जहाँ कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

धारावी में नाम बदलकर छिपा था तस्कर

एसटीएफ वाराणसी के निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने महाराष्ट्र के ठाणे स्थित नब्बे फिट रोड, धारावी इलाके में दबिश दी। पुलिस से बचने के लिए ओमप्रकाश पांडेय अपनी पहचान और नाम बदलकर यहाँ-वहाँ छिपकर रह रहा था। सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गैंगस्टर एक्ट और तस्करी का पुराना इतिहास

ओमप्रकाश पांडेय पर चंदौली के सकलडीहा थाने में साल 2023 में पशु तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद साल 2024 में उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया है कि वह विशाल यादव और नीतीश जैसे अपराधियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था। यह गिरोह पशुओं को उत्तर प्रदेश से बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में वध (Slaughter) के लिए सप्लाई करता था।