रिंग रोड ओवरब्रिज पर काल बनी रफ्तार: अज्ञात लोडर से टकराया ट्रक, केबिन काटकर निकाला गया ड्राइवर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
केबिन में बुरी तरह फंस गया था ट्रक ड्राइवर, पुलिस ने रेस्क्यू कर बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा; अज्ञात लोडर की तलाश में जुटी पुलिस।
वाराणसी (भदैनी मिरर): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। खेवसीपुर रिंग रोड ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार ट्रक की अज्ञात लोडर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन के मलबे में ही जिंदगी और मौत के बीच फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल ट्रक के खलासी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
केबिन में फंसा रहा घायल चालक, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किया रेस्क्यू
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) के जरिए लोहता पुलिस को सूचना मिली कि खेवसीपुर रिंग रोड ओवरब्रिज पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक शशिकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर ट्रक संख्या (UP 50 CT 2109) एक अज्ञात लोडर से टकराया हुआ मिला। हादसे के वक्त ट्रक का चालक रोहित पाल (उम्र करीब 32 वर्ष, निवासी जौनपुर) स्टीयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस चुका था और तड़प रहा था। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से काफी प्रयास के बाद चालक को केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला।
ट्रॉमा सेंटर में थमी सांसें, खलासी का इलाज जारी
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल चालक रोहित पाल और उसके खलासी राजेश पाल (पुत्र स्वर्गीय राजदेव पाल, निवासी देवगांव, जिला आजमगढ़) को तुरंत बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद, अत्यधिक खून बह जाने के कारण चालक रोहित पाल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खलासी राजेश पाल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और वह उपचाराधीन है।
अज्ञात लोडर की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आरोपी लोडर चालक अपने वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा। लोहता थाना पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अब ओवरब्रिज और आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार अज्ञात लोडर और उसके चालक की शिनाख्त कर विधिक कार्रवाई की जा सके।