{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UPPSC PCS-2025 प्रारंभिक परीक्षा परिणाम निरस्त होने पर सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सौंपा ज्ञापन

वाराणसी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे सपा नेता; सरकार की जवाबदेही तय करने और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा पर जोर

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त होने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने वाराणसी में विरोध दर्ज कराते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रकरण में सरकार की जवाबदेही तय करने, परीक्षा पुनः आयोजित कराने और अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि परीक्षा परिणाम निरस्त होने से प्रतियोगी छात्रों के सामने असमंजस और भविष्य को लेकर चिंता की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने प्रशासन और शासन से मांग की कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शी तरीके से पुनः परीक्षा आयोजित कराई जाए तथा इस पूरे मामले की जिम्मेदारी तय की जाए।

इस अवसर पर एमएलसी आशुतोष सिन्हा के साथ सपा नेता दिलशाद अहमद, अजय चौरसिया, आलोक सौरभ, सौरभ आनंद, ईशान श्रीवास्तव, राहुल सिंह यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।