कछवारोड में संत निरंकारी सत्संग संपन्न: उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, 'ब्रह्म ज्ञान' से आलोकित हुए भक्त
भजनों की सुमधुर प्रस्तुति और भव्य भंडारे के साथ आध्यात्मिक उत्सव का समापन, क्षेत्र में भारी उत्साह
Jun 11, 2026, 20:29 IST
वाराणसी। कछवारोड क्षेत्र स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर के पास गुरुवार, को एक आध्यात्मिक उत्सव की अनूठी छटा देखने को मिली। फुन्नीलाल महात्मा के आवास पर संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में आयोजित विशाल सत्संग एवं भव्य भंडारे का कार्यक्रम बेहद अनुशासित और सकुशल ढंग से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की और सत्संग का लाभ उठाकर अपने जीवन को कृतार्थ किया।
मुंबई से पधारे मुख्य वक्ता सुरजीत सिंह ने किया निहाल
इस विशाल सत्संग के मुख्य आकर्षण और मुख्य वक्ता के रूप में मुंबई (महाराष्ट्र) से सुप्रसिद्ध ज्ञान प्रचारक सुरजीत सिंह जी पधारे थे। उन्होंने अपने ओजस्वी और दिव्य विचारों से पूरी संगत को निहाल कर दिया। सत्संग की समाप्ति के पश्चात उनके द्वारा जिज्ञासुओं और श्रद्धालुओं को 'ब्रह्म ज्ञान' प्रदान किया गया, जो मानव जीवन के कल्याण और आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है। कार्यक्रम को सुचारू और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी जोन के अंतर्गत आने वाले कछवां बाजार (यूनिट 239) के सेवादारों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। इस पूरे आयोजन की देख-रेख और संयोजक: भृगु नाथ महात्मा एवं मुखी फुन्नी लाल महात्मा और मंच का संचालन: धर्मेंद्र कुमार ने किया इस मौके पर एकनाथ पाटिल, फूलचंद विश्वकर्मा, अर्जुन भोजवाल, ओम प्रकाश मौर्या, घिंनहू राम, जगन्नाथ यादव और इन्द्रमणि त्रिपाठी, दीना यादव, हरि भजन आदि लोग रहे ।
भजनों की प्रस्तुति और भव्य भंडारे के साथ समापन
इस दिव्य सत्संग में वाराणसी और आस-पास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संगत में आए भक्तों ने अपने-अपने भजनों, गीतों और विचारों के माध्यम से सतगुरु के प्रति अपनी गहरी आस्था और भाव प्रकट किए। सत्संग की समाप्ति के बाद महाप्रसाद (भव्य भंडारे) का आयोजन किया गया। सेवादारों की टोली ने यातायात, बैठने की व्यवस्था और लंगर (भंडारे) में बेहतरीन अनुशासन बनाए रखा, जिससे पूरा समागम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रवासियों के सहयोग से इस धार्मिक समागम को लेकर हर तरफ भारी उत्साह और संतोष देखा गया।