मिर्जामुराद में सड़क हादसा: अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक
मिर्जामुराद में सड़क हादसा: अज्ञात बस की टक्कर से बाइक सवार युवक लहूलुहान, ट्रामा सेंटर में भर्ती
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बंगला चट्टी के पास प्रयागराज-वाराणसी नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे एक बाइक सवार युवक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बस ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, (मऊ) जिले के मधुबन थाना क्षेत्र निवासी रविंद्र राजभर के 26 वर्षीय पुत्र अमित राजभर बाइक से प्रयागराज के हंडिया में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था। रविवार की शाम वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मिर्जामुराद क्षेत्र के बंगला चट्टी स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंचा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित अज्ञात बस ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना मिर्जामुराद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल एंबुलेंस बुलवाकर इलाज के लिए वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिर्जामुराद पुलिस ने घायल युवक के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल के जरिए उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात बस चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए हाईवे और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।