Road Accident: चोलापुर में खंभे से टकराई बाइक; 23 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
पहाड़िया-बेला मार्ग पर दशवथपुर के पास अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई तेज रफ्तार बाइक
वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़िया-बेला मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दशवथपुर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 23 वर्षीय बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बेला से पहाड़िया की ओर जा रहा था युवक
मृतक युवक की पहचान अविष्कार कुमार (23 वर्ष) पुत्र बहादुर, निवासी चुरकूनी हड़ियाडीह, थाना चौबेपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अविष्कार बेला से पहाड़िया की ओर जा रहा था। जैसे ही वह दशवथपुर के पास पहुंचा, अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे स्थित खंभे से टकरा गई। सिर और शरीर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजनों के मौके पर पहुंचने का इंतजार कर रही थी।
चोलापुर में हादसों का सिलसिला जारी, प्रशासन मौन
चोलापुर थाना क्षेत्र में आए दिन हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय निवासियों में गहरा असंतोष है। पहाड़िया-बेला मार्ग हो या अन्य संपर्क मार्ग, तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण लगातार जानें जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसों के बाद पुलिस और प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई और पंचनामा तक सीमित रह जाते हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए पुलिस गश्त बढ़ाई जा रही है। प्रशासन की इस उदासीनता के कारण चोलापुर क्षेत्र की सड़कें अब राहगीरों के लिए बेहद जानलेवा साबित हो रही हैं।