{"vars":{"id": "125128:4947"}}

लॉन में फायरिंग कर इंस्टाग्राम पर बनी रिवाल्वर रानी, सहयोगियों समेत युवती पर मुकदमा 

पाण्डेयपुर की सोनाली बताई जा रही फायरिंग करनेवाली युवती, गाजीपुर से सारनाथ क्षेत्र के लॉन में आई थी बरात

 

युवक ने रिवाल्वर देकर युवती से कराई फायरिंग, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

रिवाल्वर रानी समेत सहयोगियों की बढ़ी मुश्किलें

वाराणसी, भदैनी मिरर। सारनाथ थाना क्षेत्र में रविवार की रात आई बारात के दौरान लॉन में हर्ष फायरिंग करनेवाली रिवाल्वर रानी और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती के लॉन में फायरिंग करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब रिवाल्वर रानी समेत आरोपितों की तलाश कर रही है।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार सोमवार को एसआई रामअजोर, हेड कांस्टेबल विनीत सिंह और कांस्टेबल अशोक यादव क्षेत्र में चक्रमण कर रहे थे। वह सारनाथ म्यूजियम के पास पहुंचे थे तभी अपने मोबाइल फोन पर आये संदेश देखने लगे। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर हर्ष फायरिंग करते युवती की वायरल वीडियो पर नजर पड़ी। रिवल्वर रानी बनी युवती की फायरिंग की तस्वीर देख उसकी जांच की गई। वीडियों के शीर्षक में बताया गया था कि रिवाल्वर से फायरिंग करनेवाली महिला पाण्डेयपुर की सोनाली है। वीडियो में एक व्यक्ति छोटे असलहे को एक महिला को हाथ में देकर फायर करा रहा है।

वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि बीती रात सारनाथ क्षेत्र के म्यूजियम तिराहे के पास स्थित आस्था गार्डेन में गाजीपुर संगापुर के कृपाशंकर राय के पुत्र शुभम राय की बारात आई थी। उसी में एक व्यक्ति छोट असलहा देकर एक महिला से वहां उपस्थित भीड़ को धमकाने, भयभीत करने व दबंगई दिखाने हेतु फायरिंग करा रहा था। इसे शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए धारा 3/25 आम्स एक्ट व 351 (3), 125 (ख) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इस मुकदमे के बाद रिवाल्वर रानी और उससे फायरिंग करानेवालों की मुसीबत बढ़ गई है।