{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी नगर निगम और जलकल का ₹2,635 करोड़ का पुनरीक्षित बजट मंजूर: अब खुद एसटीपी और सीवर पंपिंग स्टेशन संभालेगा निगम

महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी बैठक में पेयजल, सीवर और सड़कों के कायाकल्प पर जोर; लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने का आदेश।

 

भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: काशी के सर्वांगीण विकास और आम नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम और जलकल विभाग के वित्तीय वर्ष 2026-27 के संयुक्त पुनरीक्षित बजट को हरी झंडी मिल गई है। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यकारिणी समिति की बैठक में कुल 2,635.44 करोड़ रुपये के आय-व्ययक को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बैठक में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए तय किया गया कि अब तक जल निगम द्वारा संचालित किए जा रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवर पंपिंग स्टेशनों का संचालन अब नगर निगम स्वयं अपने हाथों में लेगा।

3 वर्षों में 168% बढ़ा नगर निगम का बजट

स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार, नगर निगम का मूल बजट 2,262.42 करोड़ रुपये और जलकल विभाग का प्रस्तावित बजट 373.02 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों के दौरान नगर निगम के बजट में करीब 168.38 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है, जो वर्ष 2023-24 के 843 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,262.42 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

लापरवाह ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने के निर्देश

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बैठक के दौरान सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ तय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही कुओं के जीर्णोद्धार कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार की जमानत राशि (सिक्योरिटी) जब्त करने और परिवहन विभाग की गाड़ियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का भी कड़ा रुख अपनाया।

प्रमुख विकास कार्यों के लिए स्वीकृत बजट आवंटन:

  • सेवा बस्तियों व विशिष्ट जनों की गलियों में सीवर/पेयजल विस्तार: ₹25.00 करोड़

  • सीवर लाइनों व मैनहोल की मरम्मत: ₹17.60 करोड़

  • पेयजल पाइपलाइनों का रखरखाव व मरम्मत: ₹14.00 करोड़

  • जल शोधन/रसायन क्रय (क्लोरीन, ब्लीचिंग आदि): ₹9.00 करोड़

  • नगर निगम क्षेत्र में गलियों का रखरखाव: ₹8.00 करोड़

  • नलकूप एवं पंपिंग स्टेशन संचालन: ₹8.00 करोड़

  • मुख्य सीवर लाइन की सफाई: ₹5.00 करोड़

  • पार्क एवं उद्यानों का सौन्दर्यीकरण: ₹5.00 करोड़

  • वरुणापार क्षेत्र में भूमिगत जल निकासी सफाई: ₹1.00 करोड़

  • फुटपाथ व पाथवे का रखरखाव: ₹7.00 लाख

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, बरखा सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह सहित पार्षदगण—मदन मोहन तिवारी, अजय चौधरी, संदीप रघुवंशी, बलराम कन्नौजिया, संजय केशरी, गोविंद प्रसाद सिंह, अशोक मौर्या, प्रवीण राय, श्रीमती माधुरी सिंह, श्रीमती इंद्रा रानी, श्रीमती सुशीला व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।