{"vars":{"id": "125128:4947"}}

नीट अभ्यर्थियों के लिए रेलवे का विशेष इंतजाम, 21 जून को पटरी पर दौड़ेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी रूट की ट्रेनों का पूरा शेड्यूल यहां देखें

 

ब्यूरो, भदैनी मिरर: नीट (NEET) यूपी री-एग्जाम 2026 में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे (NER) और उत्तर रेलवे (NR) लखनऊ मंडल द्वारा 21 जून को विशेष परीक्षा स्पेशल ट्रेनें (Exam Special Trains) चलाई जाएंगी। ये सभी ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित (जनरल) होंगी, जिससे छात्र आसानी से टिकट लेकर सफर कर सकेंगे।

गोरखपुर और लखनऊ के बीच चलेंगी 4 जनरल स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता के अनुसार, गोरखपुर-लखनऊ रूट पर छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए चार जनरल परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनका समय और रूट इस प्रकार है:

ट्रेन नंबर 05007 (गोरखपुर से लखनऊ जंक्शन)

  • गोरखपुर प्रस्थान: सुबह 04:05 बजे

  • मुख्य ठहराव: खलीलाबाद (04:56), बस्ती (05:22), बभनान (05:52), मनकापुर (06:22), गोंडा (06:55), करनैलगंज (07:24), बाराबंकी (08:38), बादशाहनगर (09:20)

  • लखनऊ जंक्शन आगमन: सुबह 10:00 बजे

ट्रेन नंबर 05008 (लखनऊ से गोरखपुर)

  • लखनऊ प्रस्थान: शाम 19:15 (07:15) बजे

  • मुख्य ठहराव: बादशाहनगर (19:50), बाराबंकी (20:28), करनैलगंज (21:20), गोंडा (22:12), मनकापुर (22:40), बभनान (23:12), बस्ती (23:42), खलीलाबाद (अगले दिन 00:08)

  • गोरखपुर आगमन: रात 01:15 बजे

ट्रेन नंबर 05036 (लखनऊ से गोरखपुर - दूसरी ट्रेन)

  • लखनऊ प्रस्थान: सुबह 04:40 बजे

  • मुख्य ठहराव: बादशाहनगर (05:10), बाराबंकी (06:05), करनैलगंज (06:54), गोंडा (07:33), मनकापुर (07:59), बभनान (08:20), बस्ती (08:45), खलीलाबाद (09:10)

  • गोरखपुर आगमन: सुबह 10:05 बजे

ट्रेन नंबर 05035 (गोरखपुर से लखनऊ)

  • गोरखपुर प्रस्थान: शाम 19:15 (07:15) बजे

  • मुख्य ठहराव: खलीलाबाद (19:57), बस्ती (20:25), बभनान (20:54), मनकापुर (21:25), गोंडा (22:00), करनैलगंज (22:31), बाराबंकी (22:52), बादशाहनगर (अगले दिन 00:32)

  • लखनऊ जंक्शन आगमन: रात 01:10 बजे (नोट: इन सभी गाड़ियों में सामान्य द्वितीय श्रेणी यानी जनरल कैटेगरी के 10-10 कोच लगाए जाएंगे।)

वाराणसी और प्रयागराज के लिए भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

नीट अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे (Northern Railway), लखनऊ मंडल भी 21 जून को अपना विशेष योगदान दे रहा है। उत्तर रेलवे द्वारा लखनऊ से वाराणसी और लखनऊ से प्रयागराज के लिए विशेष अनारक्षित ट्रेनें चलाई जाएंगी। परीक्षार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए एक ट्रेन में 11 कोच और दूसरी ट्रेन में 14 कोच की व्यवस्था की गई है।

यात्री ध्यान दें: 15 घंटे से अधिक के मेगा ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें निरस्त

एक तरफ जहां परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-सहारनपुर वाया मेरठ-टपरी रेल खंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मुजफ्फरनगर-मोदीनगर के बीच स्थित रेलवे पुल संख्या-61 पर स्टील गार्डर बदलने के तकनीकी कार्य के चलते 15 घंटे 25 मिनट का मेगा ब्लॉक लिया गया है। यह ब्लॉक शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू हो चुका है और शनिवार की रात तक जारी रहेगा। इस ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें निरस्त और प्रभावित हुई हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ रहा है।

अतः परीक्षार्थी और आम यात्री अपने रूट की जानकारी अपडेट करके ही घर से निकलें।