वाराणसी में एयर शो की तैयारियां तेज, आसमान में गर्जना करेंगे फाइटर जेट्स
गंगा की लहरों पर दिखेगा फाइटर जेट्स का रोमांच, 8 अक्टूबर को काशी बनेगा सैन्य शक्ति का गवाह
वाराणसी,भदैनी मिरर। काशी के नमो घाट पर अब जल्द ही केवल पर्यटकों की भीड़ ही नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के विमानों की गर्जना भी सुनाई देगी। आगामी 8 अक्टूबर को 'वायु सेना दिवस' के अवसर पर वाराणसी में एक भव्य 'एयर शो' प्रस्तावित है। इसको लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। पिछले दो दिनों से एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर और अधिकारी लगातार नमो घाट का दौरा कर रहे हैं।
नमो घाट से अस्सी तक हेलीकॉप्टर ने भरा 'रेकी' राउंड
बृहस्पतिवार को नमो घाट का नजारा बदला-बदला नजर आया। वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने नमो घाट पर बने हेलीपैड के ऊपर मंडराते हुए अस्सी घाट तक के पूरे स्ट्रेच का गहन निरीक्षण किया। इससे पहले बुधवार को भी वायु सेना के उच्चाधिकारियों ने क्षेत्रीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ नमो घाट और आसपास के इलाकों का जायजा लिया था।
वायु सेना दिवस पर काशी में ऐतिहासिक आयोजन
हर साल 8 अक्टूबर को मनाए जाने वाले 'वायु सेना दिवस' को इस बार वाराणसी में खास अंदाज में मनाने पर मंथन चल रहा है। बीते सप्ताह एयरपोर्ट और CISF अधिकारियों के साथ एयरफोर्स की उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। इस एयर शो में वायु सेना के आधुनिक फाइटर विमान और हेलीकॉप्टर गंगा की लहरों के ऊपर हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। हालांकि अभी आधिकारिक मुहर लगनी बाकी है, लेकिन नमो घाट की आधुनिक सुविधाओं और विस्तार को देखते हुए इसे प्राथमिक केंद्र माना जा रहा है।
सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स पर जोर
इस मेगा इवेंट को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। नमो घाट पर बने हेलीपैड की क्षमता और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है। अधिकारियों की टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि एयर शो के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ और विमानों की लैंडिंग/टेकऑफ के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
वाराणसी में इस स्तर का एयर शो पहली बार आयोजित होने की संभावना है। देव दीपावली के बाद यह एक ऐसा आयोजन होगा जो पूरी दुनिया का ध्यान काशी की ओर खींचेगा। इससे न केवल शहर का मान बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन क्षेत्र को भी नई ऊंचाई मिलेगी।