उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी घर पर गरमाई सियासत: अखिलेश यादव के आरोप पर वीडीए ने साफ की स्थिति
सपा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी को घेरा; वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) की जांच में सामने आया कि परिवार खुद करा रहा है जर्जर मकान का पुनर्निर्माण
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क, वाराणसी: भारत रत्न और शहनाई के जादूगर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के वाराणसी स्थित पुश्तैनी मकान को लेकर अचानक सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट के बाद यह मामला तूल पकड़ गया। हालांकि, इस मामले में वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने आधिकारिक जांच रिपोर्ट जारी कर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है, वहीं उस्ताद के परिवार ने भी वहां संग्रहालय बनवाने की बात कही है।
अखिलेश यादव ने उठाए थे सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर भारतीय जनता पार्टी और सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने लिखा कि 'कला और कलाकारों' के खिलाफ संकीर्ण सोच रखने वाले लोग भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की मिलीजुली विरासत को ध्वस्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि सरकार आने पर वे उनकी धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे।
जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना? भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के संगी-साथी ‘कला और कलाकारों’ के हमेशा ख़िलाफ़ रहते हैं क्योंकि इन पुरातनपंथी-रूढ़िवादियों की ये संकरी मानसिकता होती है कि रचनात्मक लोग ही समाज में परिवर्तन की भूमि और भूमिका बनाते हैं। सकारात्मक कला सहृदयता को जन्म देती है और सहनशीलता को भी। इसीलिए कला के हर रूप को ये अपने एजेंडे के रास्ते में रोड़ा मानते हैं या फिर कला को अपने एजेंडे के लिए इस्तेमाल करके उसको नकारात्मक बना देना चाहते हैं। जिनके आगे ‘भारत रत्न’ लगा हो उनकी मिलीजुली विरासत को ध्वस्त करना, उनके मान-सम्मान के साथ-साथ ‘भारत’ के मान को भी ध्वस्त करने के समान है। भाजपा नफ़रत की आग में जलकर देश को नुक़सान पहुँचा रही है। सरकार में आने पर हम ‘भारत रत्न बिस्मिल्लाह ख़ान’ जी की सांगीतिक धरोहर को बचाने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाएंगे घोर निंदनीय!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 7, 2026
VDA की जांच में सामने आया सच
मामले के तूल पकड़ने के बाद वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच कराई। VDA के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि चौक क्षेत्र के सराय हड़हा (भीखाशाह गली) स्थित मकान संख्या CK 46/63 (क्षेत्रफल करीब 500 वर्गफीट) उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का पुश्तैनी मकान है, जो काफी पुराना और जर्जर हो चुका था।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि भवन का ध्वस्तीकरण किसी सरकारी कार्रवाई के तहत नहीं हुआ है, बल्कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पौत्र और स्वर्गीय महताब हुसैन के पुत्र मो. सिब्तैन द्वारा खुद कराया जा रहा है। मकान बहुत जर्जर होने के कारण परिवार के लोग इसका नवीनीकरण और पुनर्निर्माण करा रहे हैं।
परिवार ने कहा- बनेगा संग्रहालय
नगर निगम द्वारा शेयर किए गए 30 सेकंड के वीडियो में उस्ताद के पौत्र मो. सिब्तैन ने भी स्थिति स्पष्ट की है। परिवार का कहना है कि वे इस पुराने जर्जर भवन को गिराकर नया निर्माण करवा रहे हैं और उसी स्थान पर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की याद में एक भव्य संग्रहालय (म्यूजियम) का निर्माण कराएंगे। प्रशासनिक स्पष्टीकरण और परिवार के बयान के बाद इस मामले में चल रही राजनीतिक अटकलों पर विराम लग गया है।