मालवीय चौराहे पर अवैध पार्किंग कर जाम लगाने वालों पर पुलिस की स्ट्राइक; एसीपी भेलूपुर ने सीज करवाए 20 से अधिक ई-रिक्शा
मालवीय चौराहे पर अवैध पार्किंग और जाम से बिलबिलाए बीएचयू मार्ग पर लंका पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन; एसीपी गौरव कुमार ने दी चेतावनी
वाराणसी(भदैनी मिरर)। धर्मनगरी वाराणसी के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण इलाकों में शुमार लंका क्षेत्र और बीएचयू (BHU) सिंहद्वार स्थित मालवीय चौराहे पर सोमवार सुबह से ही भीषण जाम की स्थिति बनी हुई थी। सड़कों पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा (टोटो) और ऑटो चालकों के कारण आम जनता, श्रद्धालुओं और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मामला संज्ञान में आते ही लंका पुलिस और उच्चाधिकारी एक्शन मोड में आ गए।
एसीपी भेलूपुर और लंका पुलिस का एक्शन
जनता को जाम से निजात दिलाने के लिए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा अपनी पूरी टीम के साथ खुद सड़कों पर उतरे। पुलिस बल ने मालवीय चौराहे और आसपास के संवेदनशील इलाकों में ताबड़तोड़ अभियान चलाते हुए अवैध रूप से पार्क किए गए और सड़कों के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी कर सवारी बैठाने वाले 20 से अधिक टोटो और ऑटो को मौके से सीज कर दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मच गया।
सवारी बैठाने के चक्कर में चौराहे पर लगा जाम: एसीपी भेलूपुर
कार्रवाई के दौरान मीडिया से बातचीत में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया- "थाना लंका अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में आज लंका पुलिस टीम के साथ यह निरीक्षण किया गया कि कई ऑटो और टोटो (ई-रिक्शा) चालक ऐसी जगहों पर गाड़ियां खड़ी कर रहे थे, जो पार्किंग जोन नहीं हैं। सवारी बैठाने के चक्कर में ये वाहन चालक चौराहों पर देर तक गाड़ियां रोककर अनावश्यक जाम लगा रहे थे। ऐसे चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गाड़ियों को सीज करने की विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"
कार्रवाई की समयावधि पूछे जाने पर एसीपी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि यह केवल कुछ घंटों का एक्शन नहीं है, बल्कि पूरे दिन का एक विशेष अभियान है जो लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि चौराहों और मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग व यातायात बाधित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की इस तत्परता और सख्त कार्रवाई के बाद मालवीय चौराहे और लंका मार्ग पर यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुचारू हो सकी, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली।