पीएम सूर्य घर योजना: वाराणसी पहुंचे ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, बोले- 'बिना ठोस कारण निरस्त न हों लोन
सर्किट हाउस में 'मुफ्त बिजली योजना' की समीक्षा; यूपीनेडा को देश में शीर्ष स्थान मिलने पर मंत्री ने दी बधाई, 'सोलर दीदी' को बांटे प्रमाण-पत्र
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के ऊर्जा, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत एवं नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में 'पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों, बैंकों और वेंडरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक बिना किसी देरी के पहुंचना चाहिए।
लोन प्रक्रिया हो सरल, बेवजह न निरस्त हों आवेदन
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बैंकों के जिला समन्वयकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए ऋण (Loan) स्वीकृति की प्रक्रिया को बेहद सरल और पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने कहा, "बैंकों को केवल न्यूनतम और आवश्यक दस्तावेज ही मांगने चाहिए और एक निश्चित समय सीमा के भीतर लोन पास करना होगा। बिना किसी उचित और ठोस कारण के किसी भी पात्र आवेदक का ऋण आवेदन निरस्त नहीं किया जाना चाहिए।"
प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना में लाएं तेजी
बिजली विभाग (Discom) के अधिकारियों की क्लास लगाते हुए माननीय मंत्री ने निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के घरों में प्री-कॉन्फिगर्ड मीटरों की स्थापना के काम में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही जो मीटर पहले से स्थापित हैं, उनका कॉन्फिगरेशन प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को ग्रिड से जुड़ने और मुफ्त बिजली का लाभ लेने में कोई व्यावहारिक असुविधा न हो।
राष्ट्रीय स्तर पर यूपीनेडा के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना
बैठक के दौरान यूपीनेडा (UPNEDA) के निदेशक रविंदर सिंह ने योजना की वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यूपीनेडा ने सौर ऊर्जा स्थापना के क्षेत्र में अप्रैल और मई महीनों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश में शीर्ष श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय जिले के वेंडरों, जागरूक उपभोक्ताओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को इस योजना में देश में नंबर-1 बनाने के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।
'सोलर दीदी' को मिले प्रमाण-पत्र, जनसहभागिता पर जोर
इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर ऊर्जा मंत्री द्वारा सौर ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनीं “सोलर दीदी” को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से प्रबंध निदेशक (पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी), निदेशक (यूपीनेडा), नगर आयुक्त (वाराणसी), पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, मुख्य प्रबंधक (आरईसीएल) और यूपीनेडा के प्रशासनिक व परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।