PM Modi Varanasi Visit: 28 अप्रैल को काशी आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, बरेका में बड़ी जनसभा की तैयारी
करोड़ों की योजनाओं की मिलेगी सौगात, गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने तैयार किया 'प्लान-बी'
वाराणसी,भदैनी मिरर। प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी 28 और 29 अप्रैल को वाराणसी में रहेंगे। इस दौरान वे बरेका (BLW) में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर सकते हैं, जहां वे संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए विकल्पों पर विचार
अप्रैल की तपती गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन जनसभा के स्थान को लेकर विशेष सावधानी बरत रहा है। हालांकि बरेका मुख्य केंद्र है, लेकिन विकल्प के तौर पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मैदानों को भी चिन्हित किया गया है। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यकर्ताओं और जनता को कम से कम असुविधा हो।
सड़कों का कायाकल्प: बाबतपुर से बरेका तक 'पैचलेस' रूट
पीएम के आगमन को देखते हुए बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर बरेका तक की सड़कों को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी (PWD) को सड़कों को पैचलेस (गढ्ढा मुक्त) करने का निर्देश दिया है। लहरतारा से मंडुवाडीह के बीच चल रहे फ्लाईओवर निर्माण क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई और सुंदरीकरण के निर्देश दिए गए हैं। सभी सरकारी विभागों से ऐसी योजनाओं की सूची मांगी गई है जिनका लोकार्पण या शिलान्यास पीएम के हाथों होना है।
सुरक्षा व्यवस्था का खाका: पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण
शनिवार को वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वीवीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन और पुलिस लाइन में होने वाली आगामी पासिंग आउट परेड की तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन में निर्माणाधीन 'जी-12' आवासीय परिसर की समीक्षा की और निर्देश दिया कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न हो। साथ ही, पुलिस आवासों में स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वीवीआईपी दौरे के दौरान पूरी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
2
इस दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी काशीवासियों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उपहार देंगे। पीएमओ (PMO) को भेजी जाने वाली सूची में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई प्रमुख योजनाओं को शामिल किया जा रहा है।