Photos: BHU में आधी रात प्रॉक्टोरियल टीम से भीड़ गए छात्र, जमकर हुई पत्थरबाजी, PAC तैनात
राजाराम हॉस्टल के पास छात्र को वाहन की टक्कर से बढ़ा विवाद, वीसी आवास के बाहर हुआ हंगामा
Dec 3, 2025, 11:14 IST
वाराणसी, भदैनी मिरर। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का कैंपस मंगलवार आधी रात हंगामे और तनाव का केंद्र बन गया। शिकायत लेकर पहुंचे छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि उनकी बात नहीं सुनी गई, जिसके बाद उन्होंने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस को बुलाना पड़ा।
दो घंटे तक कैंपस में तनाव, कई घायल
करीब दो घंटे तक पूरे परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 10 पुलिसकर्मी, 20–25 छात्र और 10–15 प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय हॉस्टल मार्ग को तुरंत बंद कर दिया गया।
गाड़ी से धक्का लगने से शुरु हुआ विवाद
घटना की शुरुआत राजाराम हॉस्टल के पास हुई, जहां एक गाड़ी ने बिड़ला हॉस्टल के छात्र को धक्का मार दिया। नाराज छात्र शिकायत लेकर चीफ प्रॉक्टर ऑफिस पहुंचे, लेकिन एक्शन न होने का आरोप लगाते हुए छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में सैकड़ों छात्र जुट गए और वीसी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
पत्थरबाजी और भगदड़
धीरे-धीरे मामला इतना गंभीर हो गया कि छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच पथराव शुरू हो गया। एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें छात्र पत्थरबाजी करते दिख रहे हैं, वहीं सुरक्षाकर्मी उन्हें खदेड़ते नजर आ रहे हैं।
बिड़ला हॉस्टल से रुइया हॉस्टल तक लगभग 500 मीटर के क्षेत्र में पत्थर ही पत्थर बिखरे पाए गए।
गुस्साए छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, फाड़ा बैनर
विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और एलडी गेस्ट हाउस के बाहर लगे 20 से अधिक गमले तोड़ दिए। इसके अलावा वीसी आवास के नजदीक लगे तमिल संगमम् का बैनर भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
5 थानों की पुलिस और PAC ने लिया मोर्चा
हालात को संभालने के लिए 5 थानों की पुलिस फोर्स और PAC की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और प्रॉक्टोरियल टीम ने लगभग 300 छात्रों को खदेड़ा। इस दौरान पत्थरबाजी लगातार जारी रही।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने दो छात्रों को पकड़ कर लंका थाने में बैठाया है।
चीफ प्रॉक्टर का बयान
देर रात चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच चल रही है और पूरे मामले के सबूत जुटाए जा रहे हैं। अभी तक किसी औपचारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, एसीपी गौरव कुमार ने कहा कि छात्रों ने पथराव किया था, लेकिन फिलहाल परिसर में शांति है।