{"vars":{"id": "125128:4947"}}

PDA Vyapari Sammelan Varanasi: वाराणसी में सपा का PDA व्यापारी सम्मेलन संपन्न

चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह व MLC आशुतोष सिन्हा ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना; बोले— "व्यापारी विरोधी नीतियों से तबाह हो रहे छोटे कारोबारी, 2027 में बनेगी सपा सरकार।"

 

वाराणसी (भदैनी मिरर): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की पावन जयंती (2 अक्टूबर 2026) के अवसर पर वाराणसी के पैगंबरपुर पंचक्रोशी मार्ग स्थित श्रीराम पीजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड एजुकेशन के प्रांगण में समाजवादी व्यापार सभा द्वारा "PDA व्यापारी जिला सम्मेलन" का भव्य आयोजन किया गया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर और व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में वाराणसी जिले से लगभग 500 व्यापारी, वैश्य एवं बनिया समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

छोटे दुकानदारों को खत्म कर रही सरकार: सांसद वीरेंद्र सिंह

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "देश में बड़े कॉर्पोरेट घरानों को बढ़ावा देने और छोटे दुकानदारों व रेहड़ी-पटरी वालों को समाप्त करने का सुनियोजित प्रयास हो रहा है। देश की जनता और व्यापारी समाज इस सच्चाई को समझ चुका है और इस बार मजबूती से अखिलेश यादव व समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों की आवाज लोकसभा सदन में उठाई जाती रहेगी।

भाजपा सरकार व्यापारी विरोधी: MLC आशुतोष सिन्हा

सपा अधिकृत प्रत्याशी एवं वाराणसी स्नातक खंड क्षेत्र के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा सदन में व्यापारी विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारी बर्बादी की कगार पर पहुँच गए हैं।

ऑनलाइन मार्केटिंग और करों से छोटे व्यापारी हलकान: प्रदीप जायसवाल

विशेष अतिथि व व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि खुदरा, फुटकर, ठेला और गुमटी दुकानदारों का कारोबार ऑनलाइन मार्केटिंग की वजह से ठप्प हो चुका है। उन्होंने कहा कि यूपीआई (UPI) पर एमडीआर (MDR) शुल्क लगाने की बातें दुकानदारों के लिए कोढ़ में खाज का काम करेंगी। वहीं सपा प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया ने सपा शासनकाल में व्यापारियों को मिले लाभ (जैसे इंस्पेक्टर राज की समाप्ति व दुर्घटना बीमा) को याद कराया।

2027 में सपा सरकार बनाने और MLC चुनाव का संकल्प

सम्मेलन के समापन पर सभी वक्ताओं ने आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक खंड एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशियों लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा को विजयी बनाने की अपील की। इसके साथ ही उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और श्री अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता तथा संचालन महानगर महासचिव सोहन लाल चौरसिया ने किया। अतिथियों का स्वागत महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता ने किया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, पारस नाथ जायसवाल, हारून अंसारी, डॉ. ओपी सिंह, संजय मिश्रा, मुरलीधर जायसवाल, रवि जायसवाल, मो. अफजल सिद्दीकी, सुजीत गुप्ता, राजकुमार यादव, संजीव जायसवाल, अजीत श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में सपा पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। अंत में जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल ने आभार व्यक्त किया।