{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi : लालपुर में ₹5000 के विवाद में ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार

पहड़िया मंडी स्टाफ कॉलोनी के पास देर रात बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, छीना गया असलहा; दो फरार साथियों की तलाश जारी।

 

वाराणसी, भदैनी मिरर: धर्मनगरी वाराणसी में अपराधियों और दबंगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां महज पांच हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में देर रात सरेआम हवाई फायरिंग की गई। हालांकि, पीड़ित युवक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए न सिर्फ खुद की जान बचाई, बल्कि मौके पर ही एक आरोपी को असलहे के साथ दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चाय दुकान पर पहुंचे और करने लगे गाली-गलौज

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पहड़िया मंडी स्थित स्टाफ कॉलोनी के रहने वाले अनीस कुमार गौतम ने बताया कि वह शुक्रवार की देर रात करीब 1:40 बजे अपने घर के पास स्थित एक चाय की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान बाइक से अंगद यादव, अंशुमान सिंह उर्फ सानू और शैलेंद्र यादव नामक युवक वहां पहुंचे। पुरानी रंजिश और ₹5000 के बकाये को लेकर उन्होंने अनीस के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

जान से मारने की नीयत से की फायरिंग, पीड़ित ने दिखाया दम

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अंगद यादव ने कमर से असलहा निकालकर जान से मारने की नीयत से अनीस पर दो राउंड फायर झोंक दिए। खुशकिस्मती रही कि अनीस बाल-बाल बच गए। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच पीड़ित अनीस ने हिम्मत दिखाई और पास पड़े डंडे से आरोपी अंगद पर वार कर दिया, जिससे उसका असलहा जमीन पर गिर गया।

भीड़ की मदद से पकड़ा गया मुख्य आरोपी असलहा गिरते ही पीड़ित ने स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद सागर कश्यप की मदद से आरोपी अंगद यादव को दबोच लिया। खुद को घिरता देख उसके दोनों साथी (अंशुमान और शैलेंद्र) बाइक से मौके से फरार हो गए। स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना तुरंत लालपुर पांडेयपुर पुलिस को दी।

जांच और कार्रवाई में जुटी पुलिस

वारदात की जानकारी मिलते ही लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी अंगद यादव को हिरासत में ले लिया है और घटनास्थल से बरामद अवैध असलहे को अपने कब्जे में ले लिया है।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पीड़ित अनीस कुमार गौतम की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की एक टीम फरार चल रहे दोनों आरोपियों (अंशुमान सिंह और शैलेंद्र यादव) की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।