KGMU धर्मांतरण मामले पर काशी में आक्रोश: विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने DM को सौंपा ज्ञापन, दोषियों को फांसी की मांग
अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय और राष्ट्रीय मंत्री राजेश मौर्या के नेतृत्व में प्रदर्शन; सीएम योगी से लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून बनाने की अपील।
भदैनी मिरर (वाराणसी)। राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से धर्मांतरण और लव जिहाद के कथित नेटवर्क को लेकर वाराणसी में हिंदू संगठनों का आक्रोश भड़क उठा है। बुधवार को विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) की वाराणसी इकाई ने अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय और राष्ट्रीय मंत्री राजेश मौर्या के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने KGMU जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में सक्रिय धर्मांतरण गिरोह के दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा देने और सख्त कानून बनाने की मांग की है।
'चिकित्सा संस्थानों की आड़ में जिहादी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं'
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय ने कहा - "KGMU जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान में हिंदू युवतियों को छल, शोषण, विवाह, नौकरी व आर्थिक प्रलोभन के माध्यम से धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य करने की घटनाएं अत्यंत शर्मनाक और गंभीर हैं। हिंदू बहन-बेटियों की आस्था, गरिमा और स्वतंत्रता के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी सरकार से आग्रह है कि ऐसे जिहादियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।"
व्हाट्सएप ग्रुप चलाकर जाल में फंसाने का आरोप
परिषद के राष्ट्रीय मंत्री राजेश मौर्या ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि KGMU में पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। आरोप लगाया गया है कि एक उच्च पदस्थ डॉक्टर के नेतृत्व में व्हाट्सएप ग्रुप संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई मुस्लिम डॉक्टर, लैब कर्मी व कर्मचारी शामिल हैं।
राजेश मौर्या ने आरोप लगाया कि - "इनका मुख्य मकसद हिंदू युवतियों को टारगेट करना, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना और जबरन धर्मांतरण कराना है। हमारी मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषियों को फांसी की सजा दी जाए और देश में लव जिहाद व धर्मांतरण के खिलाफ और कठोर कानून बनाया जाए।"
गहन जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी पद, पेशे या प्रभाव की आड़ में धर्मांतरण गिरोह से जुड़े लोगों को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में मनीष राय, राजेश मौर्या के साथ परिषद की वाराणसी टीम के कई पदाधिकारी एवं सनातन धर्म में आस्था रखने वाले कार्यकर्ता मौजूद रहे।