{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी से भदोही लौट रहे दोस्तों की बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर, हादसे में एक की मौत, दूसरा गंभीर

मिर्जामुराद में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर में शनिवार रात करीब नौ बजे नेशनल हाईवे-19 पर एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी अनिल कुमार अपनी अपाचे बाइक से वाराणसी से घर लौट रहे थे। उनके साथ उसी थाना क्षेत्र के बारोष गांव निवासी रंगनाथ भी पीछे बैठे थे। दोनों जिस बाइक पर सवार थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। जैसे ही वे रूपापुर के पास वाराणसी से प्रयागराज मार्ग पर पहुंचे, एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कछवां, मिर्जापुर भेजा। वहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद बाइक चालक अनिल कुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल रंगनाथ का इलाज चल रहा है।

मृतक अनिल कुमार भदोही में एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वह अपने पिता की तीन संतानों में सबसे छोटे थे। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद अज्ञात ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।