देव दीपावली पर रविदास घाट में जलेंगे 10,000 दीप, 'रक्त ज्योति: दीप से जीवन तक – रक्तदान महादान' थीम पर होगा विशेष आयोजन
24 नवंबर 2026 को दोपहर 3:00 बजे से रविदास घाट पर आयोजित होगा जागरूकता कार्यक्रम, स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति युवाओं व नागरिकों को किया जाएगा प्रेरित
भदैनी मिरर लोकल/संस्कृति-जनहित डेस्क, वाराणसी। काशी की देव दीपावली के पावन अवसर पर इस बार रविदास घाट पर आध्यात्मिकता के साथ मानव सेवा और जन-जागरूकता का विशेष आयोजन होने जा रहा है। 24 नवंबर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से रविदास घाट पर ‘रक्त ज्योति: दीप से जीवन तक – रक्तदान महादान’ थीम के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें 10,000 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन कर स्वैच्छिक रक्तदान का संदेश दिया जाएगा।
स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य रक्त संचरण परिषद (SBTCUP), जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय (वाराणसी) और रक्त केंद्र, सर सुंदरलाल चिकित्सालय (IMS, BHU) के संयुक्त तत्वावधान व सहभागिता से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, युवाओं व नागरिकों को प्रेरित करना और जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
आयोजकों के अनुसार, जिस प्रकार एक दीपक अंधकार को मिटाकर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार रक्तदान की पहल किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा और उजाला ला सकती है। देव दीपावली के अवसर पर 10,000 दीपों के माध्यम से जीवन बचाने के सामूहिक संकल्प को सशक्त किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये प्रमुख अधिकारी और विशेषज्ञ रहेंगे शामिल
इस आयोजन में राष्ट्रीय रक्त आधान परिषद (NBTC) के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की DDG-BTS डॉ. मेघा खोब्रागड़े, उत्तर प्रदेश राज्य रक्त संचरण परिषद (SBTCUP) के निदेशक व विशेष सचिव/मुख्य सचिव के स्टाफ ऑफिसर रविन्द्र कुमार (IAS), SBTCUP के उप निदेशक डॉ. राकेश कुमार राय तथा सहायक निदेशक रमाशंकर वर्मा की उपस्थिति प्रस्तावित है।
इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वाराणसी) डॉ. एन.पी. सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय, डॉ. अतुल सिंह सहित जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सर सुंदरलाल चिकित्सालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रक्त केंद्र से प्रो. संदीप कुमार व डॉ. आशुतोष सिंह के साथ शहर के विभिन्न रक्त केंद्रों के प्रतिनिधि भी सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम की मुख्य जानकारी (एक नजर में)
-
थीम: 'रक्त ज्योति: दीप से जीवन तक – रक्तदान महादान'
-
अवसर: देव दीपावली
-
दिनांक: 24 नवंबर 2026
-
समय: अपराह्न 3:00 बजे से
-
स्थान: रविदास घाट, वाराणसी
-
विशेष आकर्षण: रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम एवं 10,000 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन
आयोजकों ने काशीवासियों, सामाजिक संगठनों, रक्तदाता समूहों और युवाओं से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।