{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद में अम्बेडकर जयंती पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रूप से विक्री कर रहे 81 पेटी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

 बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर शासन द्वारा घोषित 'ड्राई डे' (शराब बंदी) का उल्लंघन करना एक युवक को भारी पड़ गया

 
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर शासन द्वारा घोषित 'ड्राई डे' (शराब बंदी) का उल्लंघन करना एक युवक को भारी पड़ गया। मिर्जामुराद पुलिस ने मंगलवार की सुबह बेनीपुर गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी दुकान बंद होने के बावजूद बगल के रूम से बिक्री कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सुबह विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि बेनीपुर स्थित बीयर और अंग्रेजी के कंपोजिट शॉप के बगल वाले कमरे में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की इस मुस्तैदी के कारण आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में कमरे के अंदर से शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामद किए गए सामानों की सूची इस प्रकार है। कुल शराब: 81 पेटी है जिसमें से बीयर: 56 पेटी, अंग्रेजी शराब: 25 पेटी व बिक्री के ₹5100 नगद बरामद हुए। जो कि कुल शराब की लगभग 3 लाख 50 हजार रुपए कीमत बताई गई। 
बिहार का रहने वाला है आरोपी
पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि बिहार का निवासी है। उसकी पहचान नीतीश कुमार शाह निवासी रामपुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी कंपोजिट शॉप के बगल में स्थित एक कमरे को आधार बनाकर अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
वही इस मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने बताया: "अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश में सभी शराब की दुकानें पूर्णतः बंद रखने के आदेश है। नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, और उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।