{"vars":{"id": "125128:4947"}}

कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक नहीं: सीपी मोहित अग्रवाल ने कट पॉइंट्स को शत-प्रतिशत सील रखने के दिए निर्देश

मिर्जामुराद के वाराणसी-प्रयागराज लेन पर सुरक्षा का जायजा: पुलिस कमिश्नर ने विश्राम स्थलों और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की

 

वाराणसी। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के मद्देनजर वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार शाम 6 बजे वाराणसी के मिर्जामुराद के अंतिम छोर गुड़िया बॉर्डर (वाराणसी-भदोही सीमा) तक पहुंचकर आरक्षित कांवरिया यात्रा मार्ग (प्रयागराज वाराणसी लेन) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने विभिन्न कांवड़िया विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सहायता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। गुड़िया बॉर्डर के बाद सीपी मिर्जामुराद स्थित राधा कृष्ण मंदिर पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं, का जायजा लिया।

पुलिस कमिश्नर ने यात्रा मार्ग पर स्थापित अस्थायी पुलिस चौकियों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों, बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था और यातायात संचालन की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यात्रा मार्ग के सभी कट प्वाइंटों को शत-प्रतिशत सील रखने का आदेश देते हुए स्पष्ट किया कि आरक्षित मार्ग पर किसी भी अनधिकृत वाहन या व्यक्ति का प्रवेश नहीं होना चाहिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर के साथ अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान, अपर पुलिस उपायुक्त नीपेंद्र, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात), संबंधित क्षेत्राधिकारी (एसीपी) तथा स्थानीय थाना प्रभारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।