{"vars":{"id": "125128:4947"}}

News: गंगा में बिना लाइफ जैकेट सेल्फी और बर्थडे पार्टी पड़ी भारी, ACP ने सीज की दो दर्जन से अधिक नावें

मध्य प्रदेश के जबलपुर हादसे के बाद वाराणसी पुलिस सख्त, नाविकों में मचा हड़कंप

 

वाराणसी: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हाल ही में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार की शाम गंगा की लहरों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले नाविकों और पर्यटकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और जल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो दर्जन से अधिक नावों को सीज कर दिया।

लाउड हेलर से चेतावनी, फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई

शुक्रवार शाम एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार भारी पुलिस बल के साथ अस्सी घाट पहुंचे। उन्होंने लाउड हेलर के माध्यम से सभी नाविकों को सख्त चेतावनी दी कि क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं और बिना लाइफ जैकेट के नाव का संचालन कतई न करें। चेतावनी के बावजूद जब कुछ नाविक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, तो पुलिस खुद नाव लेकर गंगा में उतरी और कार्रवाई शुरू की।

गंगा के बीच सेल्फी लेना और बर्थडे मनाना पड़ा भारी

अभियान के दौरान पुलिस ने देखा कि बीच गंगा में कुछ पर्यटक बिना लाइफ जैकेट पहने सेल्फी ले रहे थे। एसीपी ने करीब 100 मीटर दूर से पीछा कर उस नाव को रुकवाया और सुरक्षा के लिहाज से एक सिपाही को उस पर तैनात कर नाव को किनारे लगवाया। यही नहीं, एक अन्य नाव पर युवक-युवतियां बर्थडे पार्टी मना रहे थे, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर उस नाव को भी तत्काल सीज कर दिया गया।

दो दर्जन से अधिक नावें सीज

एसीपी जल पुलिस अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गंगा में सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। जबलपुर हादसे के बाद यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि:

  • बिना लाइफ जैकेट नाव चलाने वालों पर कार्रवाई हुई।

  • क्षमता से अधिक पर्यटक बैठाने वाली नावों को पकड़ा गया।

  • कुल दो दर्जन से अधिक नावों को सीज कर अस्सी घाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

सावधान रहें पर्यटक: पुलिस ने पर्यटकों से भी अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के साथ समझौता न करें। नाव पर सवार होते समय लाइफ जैकेट जरूर पहनें और क्षमता से अधिक सवारी वाली नाव पर न बैठें।