{"vars":{"id": "125128:4947"}}

विद्युत विभाग की लापरवाही: लटकते तारों के संपर्क से सूखे आम के पेड़ में लगी आग, बड़ा हादसा टला

बिजली विभाग की अनदेखी पड़ी भारी: मिर्जामुराद में जर्जर तारों के शॉर्ट सर्किट से पेड़ में भड़की आग

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर (निगतपुर मार्ग) पर मंगलवार शाम बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई। जर्जर और नीचे लटक रहे विद्युत तारों के संपर्क में आने से एक आम के पेड़ में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, चक्रपानपुर में सड़क किनारे स्थित सूखे आम के पेड़ की टहनियों से होकर बिजली के ढीले तार गुजर रहे थे। मंगलवार शाम तारों में हुए घर्षण/शॉर्ट सर्किट के कारण पेड़ में आग भड़क उठी। पेड़ से धुएं और लपटों को उठता देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया।

आग की भयावहता देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों ने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति (शटडाउन) बंद कराई। इसके बाद लटके हुए तारों को पेड़ से अलग किया गया और ग्रामीणों की मदद से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के पास अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं और लोगों की आवाजाही बनी रहती है। यह संयोग ही था कि हादसे के समय कोई पेड़ या तारों की चपेट में नहीं आया। ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में झूल रहे जर्जर तारों को तुरंत बदलने और दुरुस्त करने की मांग की है।