{"vars":{"id": "125128:4947"}}

काशी में आज से शुरू हो रहा 'नौतपा', मौसम विभाग का लू को लेकर 'Red Alert'; पिछले साल से 10°C ज्यादा तपेगी धरती

सोमवार से 2 जून तक चलेगा नौतपा, शुरुआती दिनों में भीषण गर्मी का टॉर्चर

 

वाराणसी/भदैनी मिरर डेस्क: काशीवासियों के लिए आने वाले नौ दिन भारी परीक्षा वाले होने वाले हैं। सोमवार से जिले में भीषण गर्मी का सबसे कड़ा दौर यानी 'नौतपा' शुरू हो रहा है, जो 2 जून तक चलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार का नौतपा बेहद आक्रामक रहने वाला है और यह पिछले साल (2025) के नौतपा के मुकाबले करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा तपेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने इसे लेकर लू (Heat Wave) का 'रेड अलर्ट' जारी किया है, हालांकि राहत की बात यह है कि नौतपा का अंत आंधी और बारिश के साथ होने की संभावना है।

रविवार को ही दिखने लगे तेवर, रात 7 बजे तक 40 डिग्री रहा पारा

नौतपा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले यानी रविवार को ही बनारस भट्टी की तरह तपने लगा। दोपहर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसके साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ लू ने काशीवासियों को बेहाल कर दिया।

गर्मी का आलम यह था कि सूरज ढलने के एक घंटे बाद भी राहत नहीं मिली। रविवार शाम 7 बजे तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही अड़ा रहा और रात में भी 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं (थपेड़े) चलती रहीं, जिससे लोग रात में भी उमस और गर्मी से परेशान रहे।

बीते 9 सालों में कैसा रहा नौतपा के पहले दिन का मिजाज?

अगर पिछले नौ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो साल 2025 में नौतपा का पहला दिन (36.5°C) काफी राहत भरा रहा था। लेकिन इस बार तापमान पिछले साल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए करीब 10 डिग्री ऊपर रहने का अनुमान है। नीचे तालिका में देखें पिछले 9 वर्षों में नौतपा के पहले दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

वर्ष नौतपा के पहले दिन का तापमान
2026 (अनुमानित) 46°C - 47°C के आसपास
2025 36.5°C
2024 47.4°C
2023 47.2°C
2022 46.0°C
2021 42.0°C
2020 45.9°C
2019 45.4°C
2018 44.5°C
2017 44.3°C

28 मई के बाद बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश की उम्मीद

भदैनी मिरर विशेष अपडेट: मौसम विज्ञान विभाग ने 28 मई के बाद का विशेष पूर्वानुमान जारी कर दिया है। वैज्ञानिकों के अनुसार, नौतपा की शुरुआत भले ही भीषण लू और रेड अलर्ट के साथ हो रही है, लेकिन 28 मई के बाद मौसम करवट ले सकता है। अगले एक से दो दिनों में मौसम विभाग आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी कर सकता है। यानी नौतपा का अंत होते-होते काशीवासियों को झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भदैनी मिरर की अपील: दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा-सिर ढकें और पानी, ओआरएस या नीबू पानी का सेवन लगातार करते रहें।