{"vars":{"id": "125128:4947"}}


वाराणसी: नगवा के मकान में 45 वर्षीय महिला का शव मिला, घर से उठी दुर्गंध के बाद पड़ोसियों ने दी सूचना 
 

डिप्रेशन का चल रहा था इलाज, परीक्षा समाप्त होने पर गांव गई थीं दोनों पुत्रियां 

 

वाराणसी, Bhadaini Mirror। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवा स्थित N1/19 E मकान में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान रीना सिंह (45) पत्नी मनोज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के भभुआ (जिला कैमूर) की रहने वाली थीं और वर्तमान में नगवा स्थित आवास में रह रही थीं।

परिजनों के अनुसार, रीना सिंह पिछले काफी समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थीं। उनका उपचार पीजीआई में भी कराया गया था। परिवार के मुताबिक, पूर्व में भी उन्होंने दवाओं का ओवरडोज लेने की कोशिश की थी।

बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से उनकी दोनों पुत्रियां परीक्षा समाप्त होने के बाद गांव चली गई थीं, जबकि वह घर में अकेली रह रही थीं। परिवार में एक पुत्र उदित विक्रम सिंह तथा दो पुत्रियां जिया सिंह (20) और श्रेया सिंह (23) हैं। दोनों पुत्रियां प्रयागराज में रहकर पढ़ाई कर रही हैं, जबकि पुत्र पैतृक गांव में रहता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लंका थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

घटना की जानकारी पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।