{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Varanasi News: सड़क निर्माण में लापरवाही पर 3 इंजीनियरों पर गिरी गाज, 22 ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश
 

गंदगी फैलाने वालों की फोटो देने पर ₹500 का इनाम, डस्टबिन न रखने वाले दुकानदारों पर लगेगा जुर्माना
 

 

वाराणसी, भदैनी मिरर।  वाराणसी शहर की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों में सुस्ती बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की अब खैर नहीं है। मंगलवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने लापरवाहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का चाबुक चलाया है।


तीन इंजीनियरों को मिली प्रतिकूल प्रविष्टि

सीएम ग्रिड योजना के तहत सिगरा क्षेत्र में सड़क निर्माण में बरती गई घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने संबंधित अवर अभियंता (JE), सहायक अभियंता (AE) और अधिशासी अभियंता (EE) की जवाबदेही तय की है। इन तीनों इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) देने के निर्देश जारी किए गए हैं। 

महापौर ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। घंटी मिल सहित अन्य सड़कों का काम 30 मई तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।


22 ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, लॉटरी से होगा टेंडर

बैठक में यह बात सामने आई कि वर्ष 2023 में टेंडर होने के बावजूद 22 कार्य अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए महापौर ने ऐसी सभी फर्मों और ठेकेदारों को चिन्हित कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का फरमान सुनाया। पारदर्शिता लाने के लिए अब हर शुक्रवार और शनिवार को लॉटरी के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


गंदगी फैलाने वालों की फोटो भेजिए और ₹500 इनाम पाइए

शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने एक अनोखी पहल शुरू की है। अब यदि कोई नागरिक सड़क पर कूड़ा फेंकने या गंदगी फैलाने वालों की फोटो नगर निगम को भेजता है, तो उसे 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही:

  • रेस्टोरेंट, मिठाई और चाट की दुकानों के बाहर डस्टबिन रखना अनिवार्य कर दिया गया है।
  • नियम तोड़ने वाले दुकानदारों पर पहले नोटिस और फिर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।


मानसून से पहले नालों की तलीझाड़ सफाई का अलर्ट

जलभराव की समस्या से निपटने के लिए महापौर ने अवशेष 30 बड़े नालों की मशीन से तलीझाड़ सफाई के निर्देश दिए हैं। सफाई की मॉनिटरिंग के लिए संबंधित फर्मों से शपथ पत्र लिया जाएगा और सिल्ट (कीचड़) को 24 घंटे के भीतर हटाने का आदेश दिया गया है। विशेष रूप से रथयात्रा, गिरजाघर, गोदौलिया, और लंका जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया है।

बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह सहित नगर निगम और जलकल विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।