{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सावन में मीट बिक्री पर नगर निगम का एक्शन: रेवड़ी तालाब और पितरकुंडा में 4 दुकानों पर गिरी गाज

प्रतिबंध के बावजूद खुल रही थीं मांस की दुकानें; नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने की कार्रवाई, दोबारा नियम तोड़ा तो होगी विधिक कार्रवाई।

 

वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): पवित्र सावन माह को ध्यान में रखते हुए वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में मीट, मछली और मुर्गे की दुकानों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है। शुक्रवार को नगर निगम की विशेष प्रवर्तन टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंध के बावजूद दुकानें खोलकर मांस बेच रहे विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना वसूला गया।

रेवड़ी तालाब और पितरकुंडा में हुई कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने मुख्य रूप से पितरकुंडा और रेवड़ी तालाब इलाकों में औचक जांच की। अभियान के दौरान रेवड़ी तालाब में दो और पितरकुंडा क्षेत्र में दो दुकानें नियमों का उल्लंघन करते हुए खुली पाई गईं। प्रतिबंधित आदेशों की अनदेखी करने पर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों दुकान संचालकों से कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूला और भविष्य में दुकान न खोलने की सख्त हिदायत दी।

सावन भर जारी रहेगा सघन जांच अभियान

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि सावन के दौरान जनभावनाओं और धार्मिक पवित्रता को ध्यान में रखते हुए मांस-मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा। यदि कोई दुकानदार दोबारा नियम तोड़ते पकड़ा गया तो उस पर जुर्माने के साथ-साथ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।