{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में मोहर्रम की गाइडलाइंस जारी: 12 फीट से ऊंचे ताजिए पर पाबंदी; ड्रोन से होगी निगरानी, नियम तोड़ा तो सख्त एक्शन

700 जगहों पर रखे जाएंगे ताजिए, पैरामिलिट्री फोर्स संभालेगी मोर्चा; बिजली के तारों को लेकर कमिश्नर मोहित अग्रवाल की कड़ी चेतावनी

 

Varanasi Muharram Security & Route March (भदैनी मिरर): आगामी मोहर्रम पर्व को वाराणसी कमिश्नरेट में शांति, सौहार्द और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे।

अधिकारियों ने मुस्लिम बाहुल्य और संवेदनशील इलाकों में सघन पैदल मार्च (रूट मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया।

दालमंडी से गोदौलिया तक भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च

सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, डीआईजी शिवहरि मीना, डीसीपी गौरव बंसवाल और एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी समेत भारी पुलिस बल ने चौक थाने से मार्च शुरू किया। यह रूट मार्च दालमंडी, नई सड़क, गिरजाघर और गोदौलिया क्षेत्र तक गया।

पैदल मार्च के दौरान पुलिस कमिश्नर ने मातहतों को निर्देशित किया कि जुलूस के मार्गों को बारीकी से समझें, रूट ड्यूटियां तय करें और सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की लोकेशन सुनिश्चित करें, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।

ताजियादारों के लिए सख्त गाइडलाइंस: 12 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर पाबंदी

'भदैनी मिरर' से बातचीत के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने ताजिया जुलूस को लेकर सख्त लहजे में हिदायत दी है। उन्होंने साफ कहा कि:

  • अधिकतम ऊंचाई: वाराणसी में किसी भी ताजिए की ऊंचाई 12 फीट से ऊंची रखने की इजाजत नहीं होगी। यदि किसी ने भी इस नियम का उल्लंघन किया, तो संबंधित ताजियादार के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • बिजली के तारों पर नजर: जुलूस के दौरान ताजिए बिजली के तारों से न टकराएं, इसकी पूरी जिम्मेदारी ताजियादारों की होगी।

हादसा हुआ तो ताजियादार होंगे जिम्मेदार: पुलिस कमिश्नर ने चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही के कारण किसी ताजिए में करंट आता है या कोई दुर्घटना होती है, तो उसका सीधा जिम्मेदार उस ताजियादार को माना जाएगा।

700 स्थानों पर पैरामिलिट्री फोर्स और ड्रोन से होगी निगरानी

कमिश्नर ने बताया कि इस बार वाराणसी जिले में कुल 700 जगहों पर ताजिए रखे जाएंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए इन सभी संवेदनशील और प्रमुख बिंदुओं पर स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स और क्विक रिएक्शन टीमों (QRT) की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा ताजिए के पूरे जुलूस और भीड़ पर तीसरी आंख यानी ड्रोन कैमरों के जरिए आसमान से पैनी नजर रखी जाएगी।

असामाजिक तत्वों पर रखें नजर, भाईचारे से मनाएं पर्व

पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे पर्व के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें। जुलूस के दौरान किसी भी तरह के असामाजिक तत्वों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, बिजली के तारों और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए आपसी सौहार्द के साथ पर्व को संपन्न कराएं।