{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली, शहर भर में दिया गया हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी का संदेश

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दिखाई हरी झंडी,  महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संदेश के साथ पुलिस लाइन से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली 

 

वाराणसी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को पुलिस लाइन वाराणसी से महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी अपराधी उनके प्रति अपराध करने की हिम्मत न कर सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है।


थानों पर बनाए गए मिनी महिला थाने

उन्होंने बताया कि वाराणसी जिले के प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें मिनी महिला थाना की तरह संचालित किया जाता है। इन केंद्रों में केवल महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनी जाती हैं और महिला पुलिसकर्मियों — महिला एसआई व सिपाहियों — द्वारा समाधान कराया जाता है।
अग्रवाल ने कहा कि महिलाएँ अक्सर पुरुष पुलिसकर्मियों के सामने अपनी बात खुलकर नहीं रख पातीं। इस समस्या को दूर करने के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण की आवश्यकता थी, जिसे मिशन शक्ति केंद्रों ने पूरा किया है।


तीन महीने तक रहता है फॉलो-अप

उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति की विशेषता यह है कि कार्रवाई के बाद भी पीड़िता से लगातार संपर्क रखा जाता है। तीन महीने तक हर सप्ताह फोन के माध्यम से फीडबैक लिया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दोबारा घरेलू हिंसा, छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना न हो।
यदि मामला न्यायालय में हो तो प्रभावी पैरवी कर जल्द सजा दिलाने की दिशा में भी निर्देश दिए गए हैं।

रैली का रूट और उद्देश्य

रविवार को निकली इस बाइक रैली की शुरुआत रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हुई। पुलिस लाइन गेट नंबर 1 से निकलकर रैली पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, दैत्रावीर, भोजूबीर दूधसट्टी, अर्दली बाजार होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुँची।
रैली में महिला पुलिस बल के साथ PRV 112 भी शामिल रही।

रैली के प्रमुख उद्देश्य रहे—

  • महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना जागृत करना
  • समाज में महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश फैलाना
  • आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के प्रति जागरूक करना
  • महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर—1090, 1930, 112—की जानकारी देना

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाने और उन्हें हर स्तर पर सशक्त बनाने का संदेश दिया।