मिर्जामुराद : परिवार गया शादी में और निर्माणाधीन मकान से चोर उड़ा ले गये नगदी, गहने
गांव के ही वैवाहिक समारोह में गया था परिवार, घर लौटे तो हुई जानकारी
कमरे से अटैची, बक्से खेत में ले गये चोर और इत्मीनान से खंगाल कर ले गये माल
मिर्जामुराद, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में गुरूवार की रात हीरालाल यादव का परिवार वैवाहिक समारोह में शामिल होने चला गया और इस मौका पाकर चोरों ने नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर की रखवाली के लिए छोटी बच्ची थी। चोरों ने घर के अटैची, बक्से लेकर खेत में गया। बाकायदा सामानों को खंगालने और मतलब के सामान निकालने के बाद चले गये। घटना की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची। जांच की औपचारिकता और चोरों को पकड़े जाने का आश्वासन देकर लौट गई।
जानकारी के अनुसार हीरालाल यादव का निर्माणाधीन मकान भिखारीपुर गांव में है। गुरुवार को गांव में ही एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने परिवार गया हुआ था। चोरों को इसकी भनक लग गई थी। चोर घर के पीछे खेत के रास्ते से घुसे और कमरे में रखी अटैची, बक्से लेकर घर से 500 मीटर दूर खेत में ले गये। वहीं बक्से और अटैची को इत्मीनान से खंगाला और उसमें रखी सोने की अंगूठी, झुमका, चांदी के आभूषण और 25000 नगद समेत एक लाख का माल लेते गए। घर से लगभग 500 मीटर दूरी पर गहना, पैसा निकाल कर अटैची, बैग, बक्सा को खेत में फेंक दिया। परिवार के लोग सुबह घर पहुंचे और महिलाएं कमरे में गई तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। इस मामले में भवनस्वामी हीरालाल यादव मिर्जामुराद थाने तहरीर दी है।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से राजातालाब और मिर्जामुराद थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। भिखारीपुर गांव में हुई इस घटना में पुलिस को गृहस्वामी के परिवार को भलीभांति जानने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने वाले किसी करीबी पर शक है। सूत्रों के अनुसार इधर चोर चोरी कर रहे थे और उधर, शादी समारोह में मौजूद चोरों का साथी उन्हें अपडेट रिपोर्ट दे रहा था। सर्विलांस के जरिए इस चोरी की घटना के खुलासे की उम्मीद है। चोरी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया है। चोर और मुखबीर की बातचीत और आसपास सक्रिय मोबाइल फोन इस चोरी के खुलासे की अहम कड़ी हो सकते हैं।