मिर्जामुराद : बंद मकान में चोरों का धावा, टीन शेड उखाड़कर लाखों की चोरी
वाराणसी, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी कर ली। चोर छत से टीन शेड उखाड़कर घर के भीतर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी नीरज जोशी लंका, वाराणसी में अपनी मां मंजू देवी के साथ रहते हैं। उनका पैतृक मकान मेहंदीगंज गांव में बंद रहता है। शनिवार रात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
शनिवार सुबह घर की देखरेख करने वाली महिला विशाखा पटेल सफाई के लिए मकान पर पहुंची तो छत की टीन शेड टूटी देखकर दंग रह गई। उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। नीरज जोशी मौके पर पहुंचे तो देखा कि अलमारी टूटी हुई है और उसमें रखी नगदी, चांदी के सिक्के व सोने की अंगूठी गायब है।
घटना की जानकारी मिलते ही नीरज जोशी ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।