{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद: परीक्षा देने निकली छात्रा लापता, बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप

छात्रा 11 मार्च को यह कर निकली थी कि कॉलेज परीक्षा देने जा रही, मा के तहरीर पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज

 
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव नाबालिग किशोरी को भगाने का मामला सामने आया है। यहाँ 11 मार्च को घर से परीक्षा देने के लिए निकली 15 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चंगवार बेनीपुर निवासी एक युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा बीते 11 मार्च को अपने घर से कॉलेज के लिए यह कहकर निकली थी कि उसकी परीक्षा है। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका में परिजन कॉलेज पहुंचे, जहाँ उन्हें चौंकाने वाली जानकारी मिली। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि छात्रा उस दिन परीक्षा देने आई ही नहीं थी।
परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप
बेटी के लापता होने के बाद परिजनों ने कई दिनों तक रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहाँ उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। अंततः, रविवार की रात छात्रा की मां ने मिर्जामुराद थाने में न्याय की गुहार लगाई। मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि:
क्षेत्र के चंगवार बेनीपुर निवासी रोहित उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
छात्रा के साथ कोई अनहोनी होने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ अपहरण समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
"किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से छात्रा और आरोपी की लोकेशन ट्रैक की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।"
— प्रमोद कुमार पांडेय, थाना प्रभारी, मिर्जामुराद