{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद हत्याकांड: मौत से एक दिन पहले पूनम ने मायके में सुनाई थी प्रताड़ना की दास्तां, अगले ही दिन देवर ने कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

पति, देवर, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज; मुख्य आरोपी जेल भेजा गया

 

मिर्जामुराद (वाराणसी): क्षेत्र के लच्छापुर गांव में हुई दिल दहला देने वाली पूनम पटेल हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी देवर अजीत पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या, छेड़खानी और हत्या की गंभीर धाराओं में पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

एक दिन पहले ही फोन पर जताया था जान का खतरा

जांच में यह दर्दनाक तथ्य सामने आया है कि 32 वर्षीया मृतका पूनम पटेल ने अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले (10 अप्रैल) अपने मायके फोन किया था। उसने रोते हुए परिजनों को बताया था कि ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है और उसकी जान को खतरा है। इसके अगले ही दिन यानी 11 अप्रैल को देवर अजीत पटेल ने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

अतिरिक्त दहेज और छेड़खानी का आरोप

मिर्जामुराद पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका के पिता मुन्ना लाल पटेल (निवासी कछवा, मिर्जापुर) ने बताया कि पूनम की शादी जून 2020 में सुजीत पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ₹5 लाख और अन्य सामान के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। पिता का आरोप है कि देवर अजीत पटेल अक्सर पूनम के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था, जिसका विरोध करने पर उसे मारा-पीटा जाता था।

वारदात के बाद मौके पर बैठा रहा कातिल

घटना वाले दिन आरोपी अजीत ने अपनी भाभी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागा नहीं, बल्कि उसने खुद पुलिस और अपने भाई को फोन कर जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर वहीं बैठा मिला। पुलिस ने मौके से आला-कत्ल (कुल्हाड़ी) बरामद कर ली है।

पुलिस की कार्रवाई और पुराना विवाद

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में पति सुजीत पटेल, ससुर तेज बहादुर और सास मुनका देवी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है। बताया गया कि करीब एक महीने पहले भी पूनम ने डायल 112 पर शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी देवर का शांति भंग में चालान किया था। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।