{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद: दहेज में ‘बुलेट’ और 3 लाख न मिलने पर विवाहिता को पीटा, पति समेत 5 पर केस दर्ज

जेठ पर छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और दुष्कर्म के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता का विवाह मई 2023 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के समय उसके मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक पर्याप्त नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग शादी में 'बुलेट मोटरसाइकिल' न मिलने को लेकर असंतुष्ट थे।
विवाह के कुछ समय बाद से ही पति राजेश कुमार बिंद, जेठ बजरंगी बिंद, देवर विकास बिंद, सास सहोत्री देवी और ननद मीना कुमारी उस पर मायके से बुलेट मोटरसाइकिल या ₹3 लाख नकद लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।


पीड़िता ने अपने पति पर शराब के नशे में धुत होकर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उसने अपने जेठ बजरंगी बिंद पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक दिन घर में अकेला पाकर जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब उसने इस बात का विरोध किया और ससुराल वालों को बताया, तो उन्होंने उसका साथ देने के बजाय उल्टा उसी को दोषी ठहराया और प्रताड़ना और बढ़ा दी।

तहरीर के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में ससुराल वालों ने पीड़िता को बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि जब तक वह ₹3 लाख या बुलेट लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे घर में कदम नहीं रखने दिया जाएगा। इसके बाद पीड़िता ने अपने मायके पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा और समझौता करने से इनकार कर दिया। पंचायत विफल होने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की शरण ली।


मामले की गंभीरता को देखते हुए मिर्जामुराद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति राजेश कुमार बिंद, जेठ बजरंगी बिंद, देवर विकास बिंद, सास सहोत्री देवी और ननद मीना कुमारी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस "पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।