{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद: नेशनल हाईवे पर बेकाबू पिकअप कंटेनर में घुसी; एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाले गए, घायल

मिर्जामुराद में भीषण सड़क दुर्घटना: झपकी आने से केबिन में फंसे चालक और खलासी, कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए

 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर स्थित नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आम से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप, हाईवे किनारे खड़ी कंटेनर से पीछे से टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि पिकअप चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार चालक व खलासी केबिन में ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, कौशांबी के देवीगंज निवासी चालक विक्रम सोनकर (26) अपने साथी आकाश (20) के साथ पिकअप पर आम लादकर मुगलसराय जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी मिर्जामुराद के चित्रसेनपुर पहुंची, तभी ड्राइवर की आंख लग गई और बेकाबू पिकअप आगे खड़ी कंटेनर में जा घुसी। राहगीरों ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों घायल केबिन में बुरी तरह दब गए थे। लगभग 1 घंटे भारी मशक्कत के बाद उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में कछवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।

हादसे के तुरंत बाद कंटेनर चालक गाड़ी लेकर वाराणसी की तरफ फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच और फरार कंटेनर की तलाश में जुट गई है।