मिर्जामुराद: 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण, आरोपी दे रहा है पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी
गाँव के ही एक युवक और उसके साथियों पर अपहरण और डराने-धमकाने का गंभीर आरोप, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
Apr 6, 2026, 13:56 IST
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गाँव से सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया गया है। पीड़िता माँ ने मिर्जामुराद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए गाँव के ही एक युवक और उसके साथियों पर अपहरण और डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। जिस संबंध पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता का आरोप है कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री को बीते 2 अप्रैल 2026 को गाँव के ही राजन राजभर (पुत्र अवधनरायण राजभर) ने गायब कर दिया। परिजनों ने जब काफी खोजबीन की, तो पता चला कि उसी रात को रिंग रोड अंडरपास पुल के पास एक अन्य युवक ने लड़की को देखा था। युवक के मुताबिक, उसने लड़की को मिर्जामुराद पुल के नीचे छोड़ा था।
पीड़िता की माँ का आरोप है कि जब उन्होंने मुख्य आरोपी राजन राजभर से अपनी बेटी के बारे में पूछताछ की, तो उसने जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि राजन और उसके गिरोह ने पीड़ित परिवार को चुप रहने के लिए और जान से मारने की धमकी दी है। वह मोबाइल नंबरों के जरिए परिवार को डरा रहा है कि यदि पुलिस को सूचना दी, तो "पूरे परिवार को साफ कर दिया जाएगा।"
वही इस मामले में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी की मां के तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है, पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही करेगी।