देव दीपावली की तैयारियों को लेकर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया घाटों का निरीक्षण, अस्सी से नमो घाट तक नाव से परखी व्यवस्था
सिल्ट सफाई, क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की मरम्मत, प्रकाश और सुरक्षा इंतजाम समय से दुरुस्त करने के निर्देश; नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी व पार्षद रहे मौजूद।
भदैनी मिरर लोकल/सिविक डेस्क, वाराणसी। आगामी देव दीपावली पर्व पर काशी के गंगा घाटों पर उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं और देशी-विदेशी पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा व स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्सी घाट से नमो घाट तक नाव से भ्रमण कर तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी।
सिल्ट हटाने, सीढ़ियों की मरम्मत और रोशनी पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विभिन्न घाटों पर चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व से पूर्व सभी व्यवस्थाएं हर हाल में चाक-चौबंद कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने को कहा:
-
साफ-सफाई और सिल्ट निस्तारण: घाटों की नियमित सफाई और जमी हुई सिल्ट हटाने के कार्य में तेजी लाई जाए।
-
सीढ़ियों की मरम्मत: घाटों की क्षतिग्रस्त सीढ़ियों को समय रहते दुरुस्त किया जाए।
-
प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था: सभी घाटों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी (स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइट) तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
नगर आयुक्त व पार्षद रहे मौजूद, समयसीमा में काम पूरा करने का आश्वासन
निरीक्षण के समय नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी तथा संबंधित वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महापौर को घाटों पर जारी तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।