{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मनीष सिंह हत्याकांड: धरना प्रदर्शन से पहले अंकिता सिंह से पुलिस कमिश्नर और डीएम ने की वार्ता, कहा- 'प्रशासन की बात से संतुष्ट हूँ'

जिला मुख्यालय पर बड़ा गतिरोध टला, करणी सेना ने प्रदर्शन को दिया था समर्थन

 

वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी के बहुचर्चित व्यापारी मनीष सिंह हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर होने वाले बड़े प्रदर्शन से ठीक पहले प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया. अपनी पूर्व घोषणा के मुताबिक मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह आज प्रदर्शन करने वाली थीं, लेकिन माहौल की संवेदनशीलता को देखते हुए धरना शुरू होने से पहले ही अधिकारियों ने उन्हें वार्ता के लिए कार्यालय बुला लिया.

कार्यालय में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी (डीएम) सत्येंद्र कुमार ने अंकिता सिंह के साथ बिंदुवार बातचीत की. इस महत्वपूर्ण डेलिगेशन और वार्ता के दौरान डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान भी मुख्य रूप से मौजूद रहीं. अधिकारियों ने अंकिता सिंह को केस में अब तक हुई प्रगति और आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई का पूरा भरोसा दिलाया.

'मैं सरकार के खिलाफ नहीं, अपने संदेह दूर करने आई थी' - अंकिता सिंह

प्रशासनिक अधिकारियों से लंबी वार्ता के बाद कार्यालय से बाहर आईं मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह ने मीडिया से खुलकर बात की. उन्होंने साफ किया कि उनका यह कदम सरकार के विरोध में नहीं था.

अंकिता सिंह ने कहा:

> "यह मामला बहुत पहले से है और सब लोग इसके बारे में जानते हैं. मैंने आज जो धरना प्रदर्शन का प्रस्ताव रखा था, वह सिर्फ अपने मन के कुछ संदेहों (डाउट्स) को दूर करने के लिए था. मैं ऐसा बिल्कुल नहीं कह रही कि सरकार मेरे लिए कुछ नहीं कर रही है, सरकार मेरे लिए काम कर रही है."

उन्होंने आगे कहा कि वह सरकार या प्रशासन के खिलाफ जाकर यह सब नहीं कर रही थीं. अधिकारियों से बातचीत के बाद उनके सभी संशय दूर हो गए हैं.


कमिश्नर और डीएम की बातों से संतुष्ट, प्रशासन पर है पूरा भरोसा


मीडिया से बातचीत के दौरान अंकिता सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये की सराहना की. उन्होंने कहा, "आज मेरी प्रशासन से पूरी बात हो गई है. प्रशासन मेरे साथ खड़ा है और आज अधिकारियों की बातों से मैं बहुत संतुष्ट हूँ. मुझे आगे भी प्रशासन पर पूरा विश्वास है, जो भी निर्णय लिया जाएगा वह मेरे हित में और अच्छा होगा."

जब मीडिया ने उनसे पूछा कि उनकी मुलाकात किससे हुई, तो उन्होंने बताया कि वह पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार और डीसीपी नीतू कादयान से मिलीं. अंकिता ने कहा कि अधिकारी उनकी सभी मांगों को लेकर गंभीर हैं और कानूनी प्रक्रिया (प्रोसेस) तेजी से चालू है.

'मेरे पति के हत्यारों को मिले फांसी की सजा'


अपनी पुरानी मांगों को दोहराते हुए अंकिता सिंह ने भावुक और कड़े शब्दों में कहा कि वह बार-बार एक ही चीज को रिपीट नहीं करना चाहतीं, क्योंकि उनकी मांगें पिछले एक महीने से सबके सामने हैं. उन्होंने मुख्य मांग रखते हुए कहा:

* एक भी अपराधी न छूटे: इस हत्याकांड में शामिल कोई भी आरोपी बचना नहीं चाहिए.
* कड़ी से कड़ी सजा: जितने भी लोगों ने मिलकर उनके पति मनीष सिंह की हत्या की है, उन सभी को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिले.
* फांसी की मांग: अंकिता सिंह ने सभी दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई है.

अंकिता सिंह ने आज पूरी तरह आश्वस्त नजर आते हुए अंत में मीडियाकर्मियों और समाज के उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जो इस दुख की घड़ी में उनके साथ न्याय की लड़ाई में लगातार खड़े हैं.