{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मिर्जामुराद में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

युवती का आरोप-मांग में सिंदूर भरकर दिलाया था शादी का भरोसा

 

गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही शादी से कर दिया इनकार

युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज है  मुकदमा

वाराणसी, भदैनी मिरर। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में घर में काम करनेवाली युवती को शादी का झांसा देकर 7 माह तक शरीरिक सम्बंध बनाने और गर्भवती होने पर शादी से इनकार करने के आरोपित मोहित जायसवाल उर्फ बबलू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि  मुखबिर की सूचना पर उसे रिंग रोड बेनीपुर के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। 

मोहित जायसवाल मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ही करधना, कलवरिया गांव का निवासी है। इसी थाना क्षेत्र की युवती उसके घर पर काम करती थी। इस दौरान दोनों के प्रेम सम्बंध हो गये। पिछले दिनों युवती ने थाने में तहरीर देकर मोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि मोहित शादी का झांसा देकर उसके साथ सात माह तक सम्बंध बनाता रहा।

उसने उसकी मांग में सिंदूर भरकर विश्वास दिलाया था कि वह उसी से शादी करेगा। पिछले दिनों पता चला कि वह गर्भवती हो गई है। इसके बाद उसने मोहित से शादी के लिए कहा तो उसने उसे दूसरी जाति का बताकर शादी से इनकार कर दिया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने धारा 69 बीएनएस व 3(2) (अ) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। युवती अनुसूचित जाति की है।