वाराणसी: मलदहिया मार्केट की दो दुकानें सील, 600 दुकानदारों को नोटिस -नगर निगम की राजस्व वसूली अभियान तेज
नगर निगम ने किराया और टैक्स बकाया न जमा करने वालों पर चलाया कड़ा अभियान, तीन साल में वसूली में करीब पांच गुना इजाफा
वाराणसी, भदैनी मिरर। नगर निगम ने राजस्व वसूली के अभियान को और कड़ा कर दिया है। घर, जल और किराया व बकाया टैक्स की वसूली के लिए निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। वहीं, मलदहिया मार्केट की दो दुकानों को सील कर दिया गया, जिससे मार्केट में हड़कंप मच गया।
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, शहर में कुल लगभग 1800 दुकानें हैं। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि समय-समय पर नोटिस देने के बावजूद कई दुकानदार किराया और टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे थे। इसे देखते हुए निगम ने सख्ती का फैसला लिया।
मुख्य कार्रवाई नायब तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में हुई। सूर्यकांत देवी के नाम आवंटित दुकान संख्या 48 को 28,870 रुपये बकाया होने पर ताला जड़ दिया गया। इसके अलावा दुकान संख्या 24 पर 57,775 रुपये बकाया होने पर सीलिंग की गई।
नगर निगम की इस सख्ती का असर राजस्व वसूली पर भी दिख रहा है। पिछले तीन वर्षों में दुकान के किराए की वसूली में रिकॉर्ड इजाफा हुआ है:
- वित्तीय वर्ष 2023-24 में वसूली – 80 लाख रुपये
- वित्तीय वर्ष 2024-25 में वसूली – 2.72 करोड़ रुपये
- वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक वसूली – 3.80 करोड़ रुपये
इस प्रकार तीन वर्षों में किराया वसूली करीब 4.75 गुना यानी लगभग पांच गुना बढ़ गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि बकाया भुगतान नहीं किया गया तो निगम अन्य इलाकों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखेगा।